Last Updated:
बिहार में बाढ़ से 6 जिलों की 1.59 लाख आबादी प्रभावित है. गंडक और कोसी के उफान से कई जगहों पर तटबंध टूट गए हैं. निचले इलाकों में तेजी से पानी भर रहा है. हालांकि, आज बारिश की संभावना कम है. दिन में धूप खिलने से उमस भरी गर्मी परेशान करेगी.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: बिहार में नेपाल से आ रहे पानी और नदियों के उफान ने तबाही मचा रखी है. राज्य के 6 जिलों में बाढ़ से करीब 1.59 लाख लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. गंडक और कोसी समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. बगहा और बेतिया में चार स्थानों पर तटबंध टूट गए हैं. इससे निचले इलाकों में पानी तेजी से भर रहा है और लोगों के घर डूब रहे हैं.
छपरा के हजलपुर गांव में तो पानी के तेज बहाव में एक पूरा मकान ही ढहकर बह गया. वहीं, सारण जिले में गंडक नदी की तेज धार में दो तेंदुए बहते दिखे. इनमें से एक तेंदुआ तैरकर किनारे पहुंचा और पेड़ पर चढ़ गया, जबकि दूसरा पानी के साथ आगे बह गया. पटना, बेगूसराय और खगड़िया में गंगा का जलस्तर तेजी से चढ़ रहा है. पटना में कई घाट पानी में डूब चुके हैं, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
- बाढ़ के संकट के बीच राहत की बात यह है कि आज गुरुवार को बिहार में भारी बारिश की आशंका नहीं है. मौसम विभाग ने आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, हवा में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को तीखी उमस परेशान करेगी.
- मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की गतिविधि फिलहाल कमजोर पड़ गई है. राज्य के ऊपर कोई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है. इस वजह से बारिश थमेगी और आसमान साफ रहेगा. बारिश के बाद जमीन में नमी मौजूद है, जिससे धूप खिलने पर उमस भरी गर्मी महसूस होगी.
13 जिलों में जमकर बरसे बादल
- मौसम विभाग पटना के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में राज्य के 13 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. खगड़िया में सबसे ज्यादा 36.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 474% अधिक है. मुंगेर में 29 मिमी, लखीसराय में 24.7 मिमी, बेगूसराय में 19.2 मिमी और भागलपुर में 19.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
- इसके अलावा रोहतास, बांका, अरवल, गोपालगंज, औरंगाबाद, सीवान, पश्चिम चंपारण, मधेपुरा, गया, सहरसा, शेखपुरा, जमुई, नालंदा, पटना और वैशाली में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई.
सीमांचल में सामान्य से कम हुई बारिश
- दूसरी तरफ सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ जिलों में बारिश की कमी दर्ज की गई. अररिया में सामान्य से 79% कम सिर्फ 2.7 मिमी बारिश हुई. किशनगंज में 3.9 मिमी, पूर्णिया में 4.4 मिमी और कटिहार में 9.6 मिमी बारिश हुई. शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जिलों में भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है.
- मानसून सीजन में अब तक पूरे बिहार में कुल 678.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. हालांकि, इस अवधि तक सामान्य बारिश 992.8 मिमी होनी चाहिए थी. इस तरह राज्य में अब तक कुल मिलाकर सामान्य से 32% कम बारिश हुई है.
आगे कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
- मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 और 2 अक्टूबर को बिहार में मौसम सामान्य रहेगा और किसी तरह की चेतावनी नहीं है. हालांकि, 3 से 6 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है.
- बुधवार को तापमान की बात करें तो कैमूर में सबसे अधिक 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. पटना में पारा 32 डिग्री रहा. वहीं, भागलपुर में 32.8 डिग्री, पूर्णिया में 34.3 डिग्री, दरभंगा में 35.4 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 31.4 डिग्री और गया में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.