दिल्ली मेट्रो के सारथी एप ने बनाया रिकॉर्ड, हर रोज खोलते हैं लाखों लोग, आखिर क्यों, क्या मिलती हैं सुविधाएं?

दिल्ली मेट्रो के सारथी एप ने बनाया रिकॉर्ड, हर रोज खोलते हैं लाखों लोग, आखिर क्यों, क्या मिलती हैं सुविधाएं?


Delhi Metro News: दिल्ली मेट्रो के सारथी ऐप ने एक करोड़ से ज्यादा डाउनलोड का आंकड़ा पार कर रिकॉर्ड बना लिया है. दिल्ली-एनसीआर में एक महीने में ऐप को लगभग 20 लाख बार देखा गया, जबकि सप्ताह के कार्यदिवसों में इसे 8.2 लाख बार खोला जाता है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का कहना है कि सारथी ऐप मेट्रो यात्रियों के लिए टिकटिंग की एक भरोसेमंद सुविधा के रूप में अपनी पहचान बना रही है.

डीएमआरसी की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से यात्रियों की दैनिक यात्रा को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया जा रहा है. सारथी ऐप पर परिवहन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के साथ-साथ कई अन्य सुविधाएं भी एक ही आसान और यूजर फ्रेंडली डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं.

सारथी ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने और यात्रा के दौरान अलग-अलग प्लेटफॉर्मों पर जाने की कम जरूरत पड़े. साथ ही उन्हें एक सहज डिजिटल अनुभव मिल सके.

इस ऐप पर क्या क्या मिलती हैं सुविधाएं?
ऐप पर विभिन्न परिवहन सेवाओं को एकीकृत किया गया है. इनमें डीटीसी बसें, IRCTC के माध्यम से रेल टिकट बुकिंग, अंतरराज्यीय बस बुकिंग, NCRTC की नमो भारत और NMRC की नोएडा मेट्रो जैसी सेवाएं शामिल हैं. इससे यात्री एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के विभिन्न साधनों की जानकारी और सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं.

सारथी ऐप पर मेट्रो मानचित्र, पहली और आखिरी मेट्रो के समय, पार्किंग की जानकारी, स्टेशन सुविधाएं, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन, बैटरी स्वैपिंग स्टेशन और रूट गाइडेंस जैसी कई दैनिक यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.

परिवहन सेवाओं के अलावा, सारथी ऐप के माध्यम से मोबाइल रिचार्ज, दवाइयों का ऑर्डर, फास्टटैग रिचार्ज तथा अन्य उपयोगिता बिलों का भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. ऐप पर वर्चुअल मेट्रो कार्ड की सुविधा भी दी गई है.

डिजिटल फर्स्ट की दिशा में बड़ा कदम
डीएमआरसी का कहना है कि इन सभी सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराकर सारथी ऐप यात्रियों के लिए एक सुविधाजनक डिजिटल मोबिलिटी साथी के रूप में उभर रहा है, जो परिवहन संबंधी जानकारी, टिकटिंग और अन्य जरूरी सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करता है.

यह पहल दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एकीकृत, डिजिटल-फर्स्ट और यात्री-केंद्रित मोबिलिटी इकोसिस्टम विकसित करने के प्रयासों का हिस्सा है. इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक एकीकृत उपयोग को भी प्रोत्साहित करना है.

सर्दियों के महीनों में राष्ट्रीय राजधानी को वायु प्रदूषण से जुड़ी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे समय में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मेट्रो का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. साथ ही, यात्रियों को अपनी टिकटिंग संबंधी जरूरतों के लिए सारथी ऐप का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा.



Source link