रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है. राज्य में बारिश की तीव्रता में काफी कमी आई है और भारी बारिश का दौर फिलहाल कमजोर पड़ गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज 1 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में सिर्फ छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से भारी बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
आज इन 9 जिलों में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के 9 जिलों चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इन इलाकों में छिटपुट (आइसोलेटेड) बारिश का अनुमान जताया गया है. वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में आज बारिश की संभावना बेहद कम है. ऐसे में पिछले दिनों की तुलना में लोगों को बारिश से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
राज्य में भारी बारिश की चेतावनी नहीं
1 अक्टूबर के लिए झारखंड में भारी बारिश का कोई राज्यस्तरीय अलर्ट नहीं है. हालांकि, स्थानीय मौसम में बदलाव के कारण कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं. इसके साथ ही कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ने की स्थिति बन सकती है. पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के बाद अब मौसम सामान्य होने की ओर बढ़ रहा है.
4 अक्टूबर तक के मौसम का हाल
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 1 से 4 अक्टूबर के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की-फुल्की मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी. इस दौरान तेज बारिश का संभावना नहीं है. इस दौरान बारिश पूरी तरह से बंद नहीं होगी, लेकिन इसकी तीव्रता बहुत कम रहेगी. इसलिए फिलहाल जलजमाव या भारी बारिश जैसी स्थिति बनने के आसार नहीं हैं.
5 अक्टूबर तक मानसून की वापसी संभव
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड से मानसून की वापसी की संभावित तारीख 5 अक्टूबर है. आमतौर पर राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के चार महीनों (जून से सितंबर) में सबसे ज्यादा बारिश होती है. हालांकि, अक्टूबर से फरवरी के महीनों के दौरान भी कभी-कभार राज्य के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिलती रहती है.
रांची में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में हल्का बदलाव देखा जा सकता है. आज रांची के लिए भी भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी.
झारखंड में मानसून में 2% कम हुई बारिश
झारखंड में मानसून सीजन के दौरान औसतन 1,025 से 1,100 मिलीमीटर बारिश होती है. इस साल 1 जून से 30 सितंबर के बीच पूरे राज्य में कुल 1,005 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह आंकड़ा सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम है.
रांची में सामान्य से 18% ज्यादा बरसे बादल
दूसरी तरफ, राजधानी रांची में मानसून के दौरान झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल मानसून सीजन में रांची में 1,215 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य बारिश (1,027 मिमी) से करीब 18 प्रतिशत अधिक है.