मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड : ‘हम सो नहीं पाते हैं… मुस्कान-साहिल को फांसी हो’, नम आंखों और रुंधे गले से बोलीं सौरभ राजपूत की मां

मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड : ‘हम सो नहीं पाते हैं… मुस्कान-साहिल को फांसी हो’, नम आंखों और रुंधे गले से बोलीं सौरभ राजपूत की मां


Last Updated:

Meerut Blue Drum Case Judgement : मेरठ के बहुचर्चित नीले ड्रम हत्याकांड केस में आरोपी मुस्कान और साहिल की सजा पर आज कोर्ट फैसला सुना सकती है. फैसले से पहले कचहरी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. वहीं सौरभ राजपूत की मां ने आरोपियों के लिए फांसी की मांग की है. उन्‍होंने क्‍या-क्‍या कहा, आइये जानते हैं..

Zoom

मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड पर आज फैसला आ सकता है.

मेरठ : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में आज अदालत का बड़ा फैसला आ सकता है. मुख्य आरोपी मुस्कान और साहिल की सजा को लेकर निचली अदालत आज अपना फैसला सुना सकती है. संभावित फैसले को देखते हुए मेरठ कोर्ट परिसर और शहर में हलचल तेज हो गई है. पुलिस व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कचहरी परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. फैसले के मद्देनजर अदालत परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की तैनाती की गई है. वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, सुरक्षा कारणों से दोनों आरोपियों मुस्कान और साहिल की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए कराई जाएगी.

प्रेम विवाह किया था तो हत्या क्यों की? पीड़ित मां का छलका दर्द
फैसले से ठीक पहले मृतक सौरभ राजपूत की मां रेणु देवी ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां किया. नम आंखों और रुंधे गले से उन्होंने कहा कि ‘हम तो न्याय और प्रशासन से सिर्फ इतना चाहते हैं कि हमें इंसाफ मिले और दोनों दोषियों को फांसी की सजा दी जाए. जब से सौरभ की हत्या हुई है, पूरा परिवार गहरे डिप्रेशन में है. न कोई ठीक से खाता है, न सोता है. हम 4-4 बजे तक नहीं सो पाते.’

मुस्कान पर गुस्सा जाहिर करते हुए सौरभ की मां ने कहा, ‘अगर मुझे मुस्कान के सामने सवाल पूछने का मौका मिले, तो मैं पहला सवाल यही करूंगी कि उसने सौरभ को क्यों मारा? जब खुद भागकर शादी की थी और साथ नहीं रहना था, तो अलग हो जाती. तलाक का केस तो चल ही रहा था. अगर पैसे ही चाहिए थे, तो मांग लेती.’

जेल में पूजा-पाठ का नाटक कर रही मुस्कान
जेल के अंदर मुस्कान द्वारा पूजा-पाठ किए जाने की खबरों पर सौरभ की मां ने इसे महज ढोंग बताया. उन्होंने कहा, यह सब उसका नाटक है. जब वह घर पर थी, तब तो उसने कभी धूप-बत्ती तक नहीं जलाई.’ उन्होंने आगे बताया कि मुस्कान घर का कोई काम नहीं करती थी. आए दिन बाहर से ही खाना (जोमैटो) मंगाया जाता था. पड़ोसियों ने भी उसे कभी घर-गृहस्थी का सामान खरीदते नहीं देखा, बस बाहर घूमते ही देखा था.

पहली पोती को साथ रखना चाहता है परिवार
मुस्कान की बेटियों के सवाल पर सौरभ की मां ने साफ कहा कि मुस्कान की जेल में जन्मी छोटी बेटी साहिल की है, उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है. लेकिन वे सौरभ की पहली बेटी को अपने पास रखना चाहते हैं, जिसे फिलहाल मुस्कान के मायके वालों ने अपने पास रखा हुआ है. सौरभ के भाई राहुल उर्फ बबलू ने भी अदालत से दोनों आरोपियों को सख्त से सख्त सजा (मौत की सजा) देने की मांग की है.



Source link