मिर्जापुर से प्रयागराज जाने का सबसे आसान रूट: टोल और समय दोनों बचेंगे, जानें दूरी और सभी प्रमुख रास्ते

मिर्जापुर से प्रयागराज जाने का सबसे आसान रूट: टोल और समय दोनों बचेंगे, जानें दूरी और सभी प्रमुख रास्ते


Last Updated:

Mirzapur to Prayagraj route: मिर्जापुर से प्रयागराज के सफर में टोल टैक्स और समय बचाने के लिए सही रूट का चयन बेहद जरूरी है. मिर्जापुर से प्रयागराज की दूरी लगभग 95 किलोमीटर है, लेकिन गोपीगंज, औराई, विंध्याचल और लालगंज जैसे अलग-अलग रास्तों से दूरी और टोल खर्च बदल जाता है. गोपीगंज रूट से बिना टोल दिए 88 किमी में प्रयागराज पहुंचा जा सकता है, जबकि हाईवे और फोरलेन मार्गों पर टोल प्लाजा पड़ते हैं. जाम और नो-एंट्री से बचकर कम समय में प्रयागराज पहुंचने के सभी बेस्ट रूट गाइड यहां पढ़ें.

मिर्जापुर: अगर आप मिर्जापुर से संगम नगरी प्रयागराज के सफर की तैयारी कर रहे हैं और चाहते हैं कि रास्ते में टोल टैक्स की बचत भी हो जाए और समय भी कम लगे, तो यह खबर सीधे आपके काम की है. मिर्जापुर से प्रयागराज की सामान्य दूरी लगभग 95 किलोमीटर मानी जाती है, लेकिन आप किस रास्ते का चुनाव करते हैं, उससे यह दूरी 10 किलोमीटर घट या बढ़ भी सकती है. साथ ही अलग-अलग मार्गों पर टोल टैक्स का गणित भी बदल जाता है. सफर शुरू करने से पहले जानिए किस रूट से जाने पर आपके समय और पैसे दोनों की अधिकतम बचत होगी.

मिर्जापुर से प्रयागराज जाने के लिए सबसे शॉर्टकट रास्तों में मिर्जापुर से शास्त्री सेतु होते हुए गोपीगंज मार्ग है. गोपीगंज मार्ग से होते हुए आप प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पकड़कर आसानी से प्रयागराज पहुंच जाएंगे. इस मार्ग से सफर करने पर आपको कोई अतिरिक्त टोल भी नहीं देना पड़ेगा और आपके पैसे की सीधी बचत होगी.

सबसे खास बात यह है कि इस मार्ग से करीब 2 घंटे 10 मिनट के समय में आप प्रयागराज पहुंच जाएंगे और आपकी करीब 10 किलोमीटर दूरी बचेगी. यानी करीब 88 किलोमीटर का सफर तय करके आप प्रयागराज पहुंच जाएंगे. इससे आपकी जेब का खर्च भी घटेगा, दूरी भी कम होगी और बिना टोल दिए आप सुगमता से प्रयागराज पहुंच जाएंगे.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप मिर्जापुर से हाईवे पकड़कर प्रयागराज जाना चाहते हैं, तो मिर्जापुर जिले से शास्त्री सेतु होते हुए औराई-वाराणसी-प्रयागराज मार्ग सबसे बेस्ट विकल्प है. हालांकि, इस रास्ते से दूरी करीब 10 किलोमीटर बढ़ जाती है. लगभग 98 किलोमीटर का सफर तय करके ही आप प्रयागराज पहुंचेंगे. सबसे मुख्य बात यह है कि इस मार्ग पर करीब 240 रुपये टोल टैक्स भी देना पड़ता है, जिससे आपकी जेब पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है.

अगर आप मिर्जापुर जिले से विंध्याचल होते हुए प्रयागराज जाना चाहते हैं, तो आपके लिए मिर्जापुर के नटवा से अमरावती चौराहा होते हुए प्रयागराज का मार्ग बेहतर है. इस रास्ते से आप विंध्याचल, जिगना और मेजा होते हुए प्रयागराज पहुंच जाएंगे. हालांकि, इस पूरे रूट पर आपको दो टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ेगा.

इस रूट पर दोनों टोल प्लाजा मिलाकर करीब 85 रुपये का खर्च आएगा. वहीं आपको सामान्य से करीब 5 किलोमीटर की ज्यादा दूरी तय करनी पड़ेगी. लगभग 2 घंटे 20 मिनट का समय देने के बाद आप प्रयागराज पहुंच जाएंगे. यह मार्ग फोरलेन है, जहां एक टोल प्लाजा विंध्याचल के पास और दूसरा प्रयागराज के मुंगारी के पास पड़ता है.

अगर आप मालवाहक गाड़ी चलाते हैं और आपको प्रयागराज जाना है, तो आप मिर्जापुर जिले के मिर्जापुर-रीवा राजमार्ग से लालगंज होते हुए प्रयागराज जा सकते हैं. इस मार्ग से जाने पर आपको करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी. हालांकि 12 किलोमीटर ज्यादा दूरी तय करने के बावजूद आप बिना किसी बड़ी बाधा के प्रयागराज पहुंच जाएंगे, जहां आपको ज्यादा समय भी नहीं लगेगा. इस मार्ग से एक पुल होकर रास्ता जाता है.

मिर्जापुर से प्रयागराज जाने के ये सभी प्रमुख और बेस्ट रूट हैं, जिनका सही चुनाव करके आप कम समय में प्रयागराज पहुंच सकते हैं. शहर की ‘नो एंट्री’ से बचना हो, जाम के झंझट से निकलना हो या शॉर्टकट रास्तों से प्रयागराज जाना हो.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



Source link