Last Updated:
Patna Woman Knife Attack Inside Story: पटना के परसा बाजार के यादवचक में महिला पर हुए जानलेवा हमले की इनसाइड स्टोरी सामने आई है. यह सिर्फ चाकूबाजी की घटना नहीं, बल्कि अधूरे इश्क, लौटते रिश्ते और सिरफिरे बदले की कहानी है. आरोपी राजकुमार ने अपनी प्रेमिका पर 8 बार चाकू से वार क्यों किया, पुलिस की पूछताछ और CCTV फुटेज ने इस अवैध संबंध के चक्रजाल से पर्दा उठा दिया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
पटना परसा बाजार में प्रेम प्रसंग में महिला पर चाकू से हमला, आरोपी राजकुमार गिरफ्तार
पटना. पहले मुलाकात, फिर प्रेम प्रसंग और उसके बाद रिश्ते में ऐसा टकराव कि महिला की जान पर बन आई. पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के यादवचक में महिला पर चाकू से हुए हमले के पीछे की कहानी अब सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, महिला और आरोपी राजकुमार के बीच पहले प्रेम प्रसंग था. लेकिन बाद में महिला अपने पति के साथ दूसरे इलाके में रहने लगी. आरोप है कि इसी बात से नाराज राजकुमार ने उसे मिलने के बहाने यादवचक बुलाया और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. महिला गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
किराए के मकान से शुरू हुई कहानी, फिर बदल गया ठिकाना
पुलिस के अनुसार, महिला मूल रूप से नवादा-जहानाबाद इलाके की रहने वाली है. वह पहले यादवचक में किराए के मकान में रहती थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात राजकुमार से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. बाद में महिला अपने पति के साथ गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रहने लगी. पुलिस के मुताबिक, महिला के ठिकाना बदलने के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव की बात सामने आई है.
सामान खरीदने के बहाने बुलाया, फिर हुआ विवाद
बीते 28 सितंबर को राजकुमार ने महिला को फोन किया और कुछ सामान खरीदने के बहाने यादवचक बुलाया. महिला वहां पहुंची तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने महिला के बाल पकड़ लिए, इसके बाद वह पास की मुर्गे की दुकान से चाकू लेकर आया और महिला पर हमला कर दिया.
आठ बार चाकू से वार, CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार ने महिला पर करीब आठ बार चाकू से वार किए. हमले के बाद वह मौके से फरार हो गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच में शामिल की गई. इसके बाद छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
क्या रिश्ते में नाराजगी ही हमले की वजह थी?
पुलिस की शुरुआती जानकारी में महिला के पति के साथ रहने और आरोपी की नाराजगी का जिक्र है. हालांकि, हमले से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और आरोपी ने हमला करने की योजना पहले से बनाई थी या नहीं, इन सवालों का जवाब विस्तृत जांच से ही मिलेगा. फिलहाल पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के रूप में देख रही है.