Last Updated:
Panna News: पन्ना में हो रहे चिता और फांसी आंदोलन पर पुलिस ने सख्ती कर दी है. पुलिस की तरफ से बताया गया है कि आरक्षक के साथ मारपीट हुई है, जबकि आंदोलकारियों ने इस बात को नकारा है. पुलिस ने दिव्या अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अमित भटनागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
चिता और फांसी आंदोलन की नेतृत्वकर्ता दिव्या अहिरवार हुईं गिरफ्तार
Panna News: पन्ना जिले के मझगांय डैम में चल रहे चिता और फांसी आंदोलन को समाप्त कराने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है. आंदोलन स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. आंदोलन के नेतृत्वकर्ता अमित भटनागर और दिव्या अहिरवार के खिलाफ पुलिस पर हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. वहीं दिव्या अहिरवार को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
दूसरी ओर अमित भटनागर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस की कार्रवाई के बावजूद डैम प्रभावित परिवार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं और आंदोलन लगातार जारी है.
पिछले 18 दिन से चल रहा आंदोलन
दरअसल दिव्या अहिरवार केन वेतवा लिंक परियोजना, मझगांय और रुंझ डैम परियोजना से विस्थापितों की लड़ाई लंबे समय से अमित भटनागर के साथ लड़ रही हैं. मझगांय डैम में बीते 18 दिन से अमित भटनागर और दिव्या अहिरवार के नेतृत्व में चिता और फांसी आंदोलन के साथ जल सत्याग्रह किया जा रहा था. जो जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा था, जिसे समाप्त करवाने के लिए प्रशासन ने पुलिस से सख्ती करवानी शुरू की. अब दिव्या अहिरवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
जेल जाते समय क्या बोली दिव्या अहिरवार?
जेल जाते समय दिव्या ने कहा कि गरीबों को लड़ाई जारी रहेगी. दिव्या अहिरवार के वकील राकेश गर्ग ने बताया कि प्रशासन के द्वारा यह गलत कार्यवाही की गई है. एक समाजसेवी लड़की को पुलिस के हमले के एवज में हत्या की प्रयास के साथ विभिन्न धाराएं लगाकर जेल भेज दिया गया, जो कहीं ना कहीं यह साबित करती है कि पुलिस की कार्यवाही उचित नहीं है.
थाना प्रभारी ने मारपीट की कही बात
अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर ने कहा कि आंदोलन के दौरान हमारे एक आरक्षक के साथ मारपीट की गई थी. आरक्षक घायल हो गया था. उसकी रिपोर्ट पर ही हमने मुकदमा कायम किया है और एक लड़की को गिरफ्तार किया है. अब हम दिव्या अहिरवार को कोर्ट में पेश करेंगे.