UP BJP Rajya Sabha Election 2026 Candidates List: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सियासी पारा चढ़ गया है. बीजेपी ने दिल्ली हाईकमान के पास 25 संभावित चेहरों का पैनल भेजकर सभी को चौंका दिया है. मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. राज्य की 10 सीटों में से खाली हो रही सीटों और समीकरणों को साधते हुए पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों का एक बड़ा पैनल तैयार करके केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेज दिया है. इस पूरी सूची में करीब 25 नेताओं के नाम शामिल हैं, जिनमें कई चौंकाने वाले और दिग्गज चेहरे भी बताए जा रहे हैं. इस पूरी प्रक्रिया के बाद राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है कि आखिर इस बार उच्च सदन में यूपी से कौन-कौन अपनी किस्मत आजमाएगा. पार्टी सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक, इस पैनल में कुछ ऐसे नाम भी शामिल हैं, जिनकी चर्चा पहले कभी राज्यसभा के लिए इस रूप में नहीं सुनी गई थी. या उनका बीजेपी से कोई रिश्ता नहीं है फिर भी वह इस रेस में हैं. अब सबकी नजरें दिल्ली में बैठे केंद्रीय नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह इनमें से किन आठ चेहरों पर अंतिम मुहर लगाता है.
कुमार विश्वास से लेकर संजीव बालियान तक का नाम शामिल
यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश बीजेपी ने भेजे दिल्ली के लिए 25 नामों की लिस्ट (संभावित)
- कुमार विश्वास
- स्मृति ईरानी (पूर्व केंद्रीय मंत्री)
- संजीव बालियान (पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री)
- हरदीप सिंह पुरी (केंद्रीय मंत्री)
- राजवीर सिंह (राजू भैया)
- बीएल वर्मा (केंद्रीय मंत्री)
- हरीश द्विवेदी (राष्ट्रीय महासचिव)
- सुव्रत पाठक
- त्र्यंबक त्रिपाठी
- दुर्विजय शाक्य
- सुरेश राणा
- गीता शाक्य
- रेखा वर्मा
- प्रियंका रावत
- कौशल किशोर
- कामेश्वर सिंह
- दिलीप पटेल
- अनिल अग्रवाल
- राजेंद्र अग्रवाल
- ममतेश शाक्य
- रमापति राम त्रिपाठी
- सत्यपाल सिंह
- बृजलाल
- रामशंकर कठेरिया
- प्रकाश पाल
चार महिला नेत्रियों को भी पैनल में दी गई है जगह
बीजेपी द्वारा भेजे गए इस 25 सदस्यीय संभावित पैनल में महिला सशक्तीकरण की झलक भी साफ दिखाई दे रही है. पार्टी ने इस बार की सूची में चार प्रमुख महिला नेत्रियों के नामों को शामिल किया है, जो पार्टी संगठन और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं. इन चार महिला चेहरों में गीता शाक्य, रेखा वर्मा, प्रियंका रावत और स्मृति ईरानी के नाम बताए जा रहे हैं.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के साथ-साथ महिलाओं को भी सदन में पूरा प्रतिनिधित्व देने की रणनीति पर काम कर रही है. इनमें से कई ऐसी महिला नेता हैं जो पहले भी संगठन और सरकार में अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभा चुकी हैं. पार्टी के भीतर इस बात पर भी मंथन चल रहा है कि पुराने अनुभवी चेहरों को दोबारा मौका दिया जाए या फिर कुछ नए और ऊर्जावान लोगों को संसद भेजा जाए.
16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव का मतदान, जानिए पूरा चुनावी शेड्यूल
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले इस अहम चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तारीखों का ऐलान पहले ही कर दिया है. इन सभी सीटों पर आगामी 16 अक्टूबर को मतदान संपन्न होगा. वर्तमान गणित के हिसाब से इनमें से आठ सीटें भारतीय जनता पार्टी के पास हैं, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी और एक सीट बहुजन समाज पार्टी के पास है. इन दस सीटों में से एक सीट वरिष्ठ नेता दिनेश शर्मा के इस्तीफे के बाद खाली हुई है. इस पूरे चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर तय की गई है. इसके अगले दिन यानी 7 अक्टूबर को सभी प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे. इसके बाद 16 अक्टूबर को मतदान के साथ-साथ उसी दिन मतगणना भी पूरी कर ली जाएगी और तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.