LPU बवाल में गरमाई पंजाब की सियासत: सड़क जाम और तोड़फोड़ के पीछे कौन?
Last Updated:
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रा से कथित दुष्कर्म के विरोध में भड़की हिंसा अब एक बड़े राष्ट्रीय सियासी संग्राम में बदल गई है. भाजपा ने सोमवार को सीधे ‘आप’ के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के इशारे पर पुलिस ने निर्दोष छात्राओं और युवाओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया.
एलपीयू में रेप की अफवाह के बाद वहां हिंसा और तोड़फोड़ की घटना हुई. (एएनआई)
नई दिल्ली/अमृतसर. भाजपा ने पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुई हिंसा में आम आदमी पार्टी (आप) की संलिप्तता का सोमवार को आरोप लगाया और कहा कि यह कांग्रेस तथा अन्य दलों की देश के लोकतंत्र को सड़कों से चलाने की एक ‘बड़ी साजिश’ है. एलपीयू के छात्रों ने रविवार को परिसर में जमकर हंगामा किया था.
उन्होंने एक बाहरी व्यक्ति द्वारा कुछ दिन पहले विश्वविद्यालय परिसर में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म किए जाने का दावा करते हुए तोड़फोड़ की और संस्थान के बाहर जालंधर-फगवाड़ा राजमार्ग के एक हिस्से को जाम कर दिया था. हाल में आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल एलपीयू के संस्थापक कुलाधिपति हैं.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “आम आदमी पार्टी, उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पुलिस लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्राओं और पंजाब के युवाओं पर लाठियां बरसा रही है.”
भंडारी ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की एक बड़ी साजिश का हिस्सा है, जो देश के लोकतंत्र को सड़कों से चलाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, “कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देशभर का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. पंजाब में जो हुआ, वह इसी एजेंडे के एक छोटे से हिस्से के तौर पर सामने आया है.’’
वहीं, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के दुर्भावनापूर्ण कृत्य के कारण लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आगजनी और हिंसा हुई. उन्होंने कहा कि यह राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल को आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने की सजा देने के लिए की गई ‘बदले की कार्रवाई’ थी.
पार्टी के ‘पंजाब बचाओ’ अभियान के तहत अमृतसर के राजासांसी में आयोजित राजनीतिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए बादल ने कहा, “अगर पूरी घटना की स्वतंत्र जांच होती है, तो यह सामने आएगा कि पूरा विवाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने खड़ा किया है. आप ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर मित्तल को सबक सिखाने के लिए यह पूरा उपद्रव कराया.”