Last Updated:
Gopalganj Flood: गोपालगंज में गंडक नदी का पानी अब गांवों में घुसकर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. रात में कई घरों में पानी घुस गया. पानी बढ़ने के बाद लोग घर छोड़कर तटबंध पर शरण लेने को मजबूर हैं. मेहंदिया गांव में 80 से ज्यादा परिवार पानी से घिर गए हैं. कई लोग घर की छत पर रात काट रहे हैं. गांव की गलियों से लेकर घरों तक पानी ही पानी नजर आ रहा है.
गोपालगंज के कई गांवों में बाढ़ का पानी भर गया.
गोपालगंजः बिहार में एक बार फिर मौसम की मार देखने को मिल रही है. गंडक नदी का पानी अब गांवों के घरों तक पहुंच गया है. गोपालगंज में रात होते-होते हालात और बिगड़ गए. 30 से ज्यादा गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया. कई घरों में रात के समय पानी घुस गया. इसके बाद लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर जाना पड़ा. कुछ परिवार तटबंध पर पहुंचे तो कुछ लोग घर की छत पर ही फंस गए. सबसे ज्यादा परेशानी सदर प्रखंड के मेहंदिया गांव में बताई जा रही है. यहां 80 से ज्यादा परिवार पानी से घिर गए. पानी चारों तरफ फैलने के बाद लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता नहीं बचा.
ग्रामीणों का कहना है कि रात में अचानक पानी बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने किसी तरह बच्चों और जरूरी सामान को सुरक्षित किया. इसके बाद घर छोड़कर ऊंची जगह की तलाश शुरू की. मेहंदिया में नाव की कमी ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी. पानी से घिरे कई परिवार बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. ग्रामीणों के मुताबिक गांव में नाव की व्यवस्था नहीं होने से लोग अपने स्तर पर ही सुरक्षित जगह पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
सड़क से घरों तक सबकुछ पानी-पानी
गोपालगंज के निचले इलाकों में गंडक का पानी तेजी से फैल रहा है. सदर, कुचायकोट, मांझा और बरौली प्रखंड के कई गांव इसकी चपेट में हैं. दूसरे इलाकों में भी लोग बाढ़ की आशंका से परेशान हैं. ग्राउंड पर तस्वीरें बाढ़ की गंभीर स्थिति दिखा रही हैं. कहीं सड़क पानी में डूबी है तो कहीं घरों के आसपास पानी जमा है. लोगों की सबसे बड़ी चिंता रात में पानी और बढ़ने को लेकर है. प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है. कुछ इलाकों में नाव और राहत व्यवस्था शुरू किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. फिलहाल मेहंदिया समेत आसपास के गांवों में लोग सुरक्षित जगह की तलाश में हैं. बाढ़ के पानी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी रोक दी है.