Dehradun News : ‘सुबह सर्दी, दोपहर गर्मी’, बारिश ने देहरादून में घोली गुलाबी ठंडक, लोग बोले- ऐसा और कहीं नहीं

Dehradun News : ‘सुबह सर्दी, दोपहर गर्मी’, बारिश ने देहरादून में घोली गुलाबी ठंडक, लोग बोले- ऐसा और कहीं नहीं


Last Updated:

Dehradun weather : देहरादून की फिजाओं में गुलाबी ठंडक घुलने लगी है. पहाड़ियों से टकराकर आती हवाएं समय से पहले ही गुनगुनी ठंड का अहसास करा रही हैं. इन दिनों बारिश के बाद साफ हुई नीली हवा, हरी-भरी वादियां और शाम ढलते ही मौसम में घुली हल्की-हल्की सिहरन अब शहर के माहौल में एक अलग ही ताजगी भर रही है. देहरादून की रहने वाली राजेश्वरी रावत लोकल 18 से बताती हैं कि यहां के मौसम का कुछ पता नहीं कि कब बदल जाए. सुबह और शाम इतनी ठंड होती है कि जैकेट पहननी पड़ती है. दोपहर में गर्मी लगने लगती है.

देहरादून. उत्तराखंड के देहरादून की आबोहवा ही कुछ ऐसी है कि यहां मौसम पल-पल अपनी करवट बदलता है. “हर मोड़ पर बदलता है दून का मौसम” कहावत इस खूबसूरत शहर की आबोहवा पर पूरी तरह सटीक बैठती है. सितंबर के महीने में हुई रिमझिम और मूसलाधार बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दिलाई है, फिजाओं में गुलाबी ठंडक का अहसास भी घोल दिया है. पहाड़ियों से टकराकर आती ठंडी हवाओं और भीगी रातों ने दूनवासियों को समय से पहले ही हल्की गुनगुनी ठंड का अहसास करा दिया है. बारिश के बाद साफ हुई नीली हवा, हरी-भरी वादियां और शाम ढलते ही मौसम में घुली हल्की-हल्की सिहरन अब शहर के माहौल में एक अलग ही सुकून और ताजगी भर रही है.

हफ्तों नहीं जा पाते स्कूल

देहरादून की रहने वाली राजेश्वरी रावत लोकल 18 से बताती हैं कि यहां के मौसम का कुछ पता नहीं कि कब बदल जाए. जहां कहीं बारिश होती है और अगले ही मोड़ पर धूप होती है. सुबह और शाम इतनी ठंड होती है कि जैकेट पहननी पड़ती है. दोपहर को टीशर्ट पहननी पड़ेगी. पिछले 15-20 सालों में दून बहुत ज्यादा बदल गया है. पहले यहां पेड़ पौधे बहुत ज्यादा थे अब यहां घर ज्यादा हैं और पेड़ पौधे बहुत कम हैं. यही फैक्टर मौसम में बदलाव लेकर आता है. ललित बिष्ट बताते हैं कि देहरादून में हम हर मौसम में बारिश देख पाते हैं और यह आज की बात नहीं है, जब हम बचपन में स्कूल जाते थे तो कई दिनों तक बारिश लगी रहती थी और हमें हफ्ते भर तक स्कूल जाने का मौका नहीं मिल पाता था, लेकिन अब तो एक ही दिन में धूप, बारिश और कई मौसम हम देख पाते हैं.

जैकेट की खरीदारी शुरू

ललित कहते हैं कि आज देहरादून में तापमान भी बहुत ज्यादा हो जाता है, लेकिन और शहरों की तरह नहीं है कि ये तापमान हमेशा बना रहेगा. यहां एकदम बारिश भी हो जाती है जिससे तापमान ठंड हो जाता है. दूसरे शहरों के मुकाबले आज भी देहरादून का मौसम बहुत सुहावना रहता है. पहले सितंबर के महीने में ही मोटे-मोटे कपड़े पहने पड़ते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होता है. इंदिरा मार्केट की दुकानदार लता सिंह कहती हैं कि श्रद्धा की वजह से बिक्री कम होती है लेकिन अचानक मौसम बदला है तो लोगों ने जैकेट खरीदना शुरू कर दिया है.



Source link