Last Updated:
मोहाली की युवती ने मुस्लिम युवक पर शादी का झांसा देकर लिव-इन में रहने और फिर शादी से इनकार का आरोप लगाया. युवक ने युवती के पैसे और गहने भी हड़प लिए. मंडी पुलिस ने SIT गठित कर जांच शुरू की.
Mandi News: पीड़िता दूसरी बार न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय मंडी पहुंची.
मंडी. पंजाब के मोहाली की रहने वाली युवती ने मुस्लिम युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक लिव-इन रिलेशन में रहने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप लगाए हैं. पीड़िता दूसरी बार न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय मंडी पहुंची और आरोपी युवक के द्वारा उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाने के आरोप जड़े. पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक और उसका पूरा अब शादी से इंकार कर रहा है.
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक मंडी शहर में दर्जी का काम करता है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है. युवती का कहना है कि इसी साल जनवरी में सोशल मीडिया पर चैट करने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और अप्रैल माह से दोनो लिव-इन रिलेशन में रहने लगे. इस दौरान वह दोनों कई बार मंडी और मोहाली में एक दूसरे से मिलते रहे और आरोपी हर बार उसे शादी करने का दिलासा देता रहा.
बीते माह 13 अगस्त को जब वह मंडी पहुंची तो आरोपी युवक और उसके परिवार ने शादी से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद वह सीटी चौकी मंडी गई, लेकिन वहाँ उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई. बाद में उसने मुजफ्फरपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज करायी और फिर मामला मंडी पुलिस के पास पहुंचा. जहां बाद में इनका समझौता हो गया और फिर दो दिन बाद आरोपी युवक इसे मोहाली लेकर चला गया.
पीड़ित के अनुसार आरोपी 2 दिन बाद उसे मोहाली छोड़ कर गायब हो गया है. पीड़िता का यह भी कहना है कि उसका आईफोन, गहने और करीब एक लाख रुपये भी आरोपी के पास ही हैं, जिन्हें वह मेसेज करने के बाद भी वापस नहीं कर रहा है. मीडिया को दिए बयान में पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसका मेडिकल देरी से कराने के भी आरोप लगाए हैं.
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत पुलिस के संज्ञान में आई है. सदर थाने की टीम द्वारा आरोपी युवक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है. मामले की जांच को लेकर एसआईटी का भी गठन किया गया है. आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा और पीड़िता का न्याय दिलाया जाएगा.