हर बार आप ही मैसेज करते हैं? शुरुआत में सबकुछ परफेक्ट, ये 7 संकेत रिश्ते की दूसरी तस्वीर दिखा सकते हैं

हर बार आप ही मैसेज करते हैं? शुरुआत में सबकुछ परफेक्ट, ये 7 संकेत रिश्ते की दूसरी तस्वीर दिखा सकते हैं


Dating Red Flags: किसी नए रिश्ते की शुरुआत अक्सर बहुत खूबसूरत लगती है. लगातार चैटिंग, एक-दूसरे को जानने की कोशिश और साथ बिताया समय दिल में उम्मीद जगाता है, लेकिन इसी दौर में कुछ ऐसी बातें भी सामने आती हैं जिन्हें प्यार या आकर्षण के कारण हम अनदेखा कर देते हैं. बाद में यही छोटी-छोटी बातें रिश्ते में बड़ी परेशानी पैदा कर सकती हैं. डेटिंग का समय सिर्फ एक-दूसरे के करीब आने के लिए नहीं होता, बल्कि यह समझने का मौका भी देता है कि दोनों की सोच, जरूरतें और रिश्ते को लेकर उम्मीदें कितनी मिलती हैं.

अगर सामने वाले के व्यवहार में कुछ संकेत लगातार नजर आ रहे हैं, तो उन्हें समझना जरूरी है. रिलेशनशिप कोच जवाल भट्ट ने ऐसे ही कुछ रेड फ्लैग्स की ओर ध्यान दिलाया है.

डेटिंग के दौरान इन संकेतों पर दें ध्यान
रिश्ते में सिर्फ पसंद या आकर्षण ही काफी नहीं होता. सम्मान, बातचीत, भरोसा और दोनों तरफ से दिलचस्पी भी मायने रखती है, अगर शुरुआत से ही इनमें कमी नजर आए तो रिश्ते को लेकर थोड़ा रुककर सोचना बेहतर हो सकता है.

1. दूसरों के साथ बदतमीजी करना

अगर सामने वाला आपके साथ बहुत अच्छा व्यवहार करता है लेकिन दूसरे लोगों से बात करते समय उनका सम्मान नहीं करता, तो इस व्यवहार को हल्के में न लें. किसी व्यक्ति का स्वभाव केवल आपके सामने उसके व्यवहार से नहीं समझा जा सकता. वह वेटर, ड्राइवर, कर्मचारी या अपने आसपास के लोगों से किस तरह बात करता है, यह भी उसके व्यवहार का एक हिस्सा है. बार-बार अपमानजनक तरीके से बात करना रिश्ते में आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकता है.

2. रिश्ते में सिर्फ शारीरिक जुड़ाव की चाहत

अगर सामने वाले की दिलचस्पी आपकी भावनाओं, विचारों और जिंदगी को समझने से ज्यादा सिर्फ शारीरिक करीबियों में दिखाई देती है, तो इस पर खुलकर बात करना जरूरी है. दोनों लोगों की सीमाएं और इच्छाएं अलग हो सकती हैं. स्वस्थ रिश्ते में सहमति और सहजता जरूरी है, अगर आपकी भावनात्मक जरूरतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, तो इस रिश्ते की दिशा पर विचार करना चाहिए.

3. आपको आकर्षण महसूस नहीं होता

कई बार व्यक्ति अच्छा होता है लेकिन फिर भी आपको उसके प्रति रोमांटिक आकर्षण महसूस नहीं होता. सिर्फ इसलिए रिश्ते को आगे बढ़ाना जरूरी नहीं है कि सामने वाला आपको पसंद करता है या आपके साथ अच्छा व्यवहार करता है. अपनी भावनाओं को समझना भी डेटिंग का अहम हिस्सा है. खुद पर किसी तरह का दबाव डालकर रिश्ता आगे बढ़ाने से दोनों लोगों को बाद में परेशानी हो सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

4. मिलने की बात हमेशा टालना

अगर लंबे समय से बातचीत चल रही है लेकिन सामने वाला आमने-सामने मिलने की बात हर बार टाल देता है, तो इस व्यवहार को समझने की कोशिश करें. इसकी वजह कई हो सकती है और बिना जानकारी के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा. फिर भी लगातार बहाने बनना या मिलने की कोई स्पष्ट कोशिश न करना ऐसा संकेत है जिस पर सवाल करना जरूरी है.

5. दोनों के रिश्ते के लक्ष्य अलग हैं

डेटिंग में यह समझना जरूरी है कि दोनों लोग इस रिश्ते से क्या उम्मीद रखते हैं. मसलन, एक व्यक्ति शादी के इरादे से रिश्ता आगे बढ़ाना चाहता है जबकि दूसरा फिलहाल किसी गंभीर रिश्ते के बारे में सोच ही नहीं रहा. ऐसी स्थिति में शुरुआत में ही स्पष्ट बातचीत कई गलतफहमियों से बचा सकती है.

6. सिर्फ आप ही बातचीत में दिलचस्पी लेते हैं

अगर बातचीत शुरू करने, सवाल पूछने और सामने वाले को जानने की कोशिश हमेशा आपकी तरफ से होती है और दूसरा व्यक्ति केवल जवाब देता है, तो इस पैटर्न पर ध्यान दें. रिश्ते में दिलचस्पी दोनों तरफ से दिखाई देना स्वाभाविक है. कभी-कभी व्यस्तता या परिस्थितियों के कारण ऐसा हो सकता है, लेकिन यह लगातार बना रहे तो इस बारे में सीधे बात करना बेहतर है.

7. बातचीत में लगातार कमी आना

रिश्ते में बातचीत का तरीका समय के साथ बदल सकता है, लेकिन अगर सामने वाला अचानक बार-बार गायब हो जाता है, बातचीत बनाए रखने की कोशिश नहीं करता या हर बार आपको ही संपर्क करना पड़ता है, तो इसे नजरअंदाज न करें. सबसे पहले स्थिति को समझने के लिए खुलकर बात करें. सामने वाले का जवाब और उसके बाद का व्यवहार आपको रिश्ते की स्थिति समझने में मदद कर सकता है.

रेड फ्लैग दिखे तो क्या करें

इनमें से किसी एक संकेत का दिखना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि रिश्ता खराब है. हर व्यक्ति और परिस्थिति अलग होती है. जरूरी यह है कि किसी व्यवहार का पैटर्न लगातार दिखाई दे रहा है या नहीं, अगर आपको किसी बात से असहजता महसूस हो रही है, तो अपनी सीमा स्पष्ट करें और सामने वाले से ईमानदारी से बात करें. रिश्ते में सम्मान, सहमति, स्पष्टता और दोनों तरफ से प्रयास होना महत्वपूर्ण है.



Source link