Last Updated:
record in icc ranking: चरणी ने ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शुट्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. शुट्ट ने नवंबर 2018 में 806 रेटिंग अंक हासिल किए थे. चरणी के खाते में अब उनसे 11 अंक ज्यादा हैं. एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ चरणी ने 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. इस प्रदर्शन ने उन्हें नंबर-1 स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ नया रिकॉर्ड बनाने में मदद की.
महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चारनी ने आईसीसी रैंकिंग में रचा इतिहास
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में इतिहास रच दिया है. मंगलवार को जारी ताजा साप्ताहिक रैंकिंग में चरणी ने 817 रेटिंग अंक हासिल किए हैं, जो महिला टी20आई गेंदबाजी रैंकिंग में अब तक के सबसे ज्यादा रेटिंग अंक हैं.
चरणी ने ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शुट्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. शुट्ट ने नवंबर 2018 में 806 रेटिंग अंक हासिल किए थे. चरणी के खाते में अब उनसे 11 अंक ज्यादा हैं. एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ चरणी ने 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. इस प्रदर्शन ने उन्हें नंबर-1 स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ नया रिकॉर्ड बनाने में मदद की.
स्मृति मंधाना की टॉप-5 में वापसी
भारतीय टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने भी ताजा रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है. 30 वर्षीय मंधाना एक स्थान ऊपर चढ़कर फिर से महिला टी20आई बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-5 में पहुंच गई हैं. एशियन गेम्स के फाइनल में मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 46 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए. मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की. भारत ने इस मुकाबले में 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन का गेम्स रिकॉर्ड स्कोर बनाया और श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. भारत की विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है. श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए थे. ताजा रैंकिंग में ऋचा तीन स्थान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं.
पाकिस्तान और बांग्लादेश की खिलाड़ियों को भी फायदा
महिला प्रतियोगिता के तीसरे स्थान के मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हराकर कांस्य पदक जीता. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने इस मैच में 30 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली, जिसका उन्हें रैंकिंग में फायदा मिला. वह चार स्थान ऊपर चढ़कर 23वें नंबर पर पहुंच गई हैं. पाकिस्तान की आलिया रियाज दो स्थान ऊपर चढ़कर 64वें और गुल फिरोजा छह स्थान की छलांग लगाकर 87वें नंबर पर पहुंच गई हैं. बांग्लादेश की शरमीन अख्तर को भी 10 स्थान का फायदा हुआ है और वह 35वें नंबर पर पहुंच गई हैं. उन्होंने तीसरे स्थान के मुकाबले में 45 गेंदों पर 46 रन बनाए थे.
गेंदबाजी रैंकिंग में पाकिस्तान की बाएं हाथ की स्पिनर नशरा संधू की टॉप-10 में वापसी हुई है. वहीं बांग्लादेश की नाहिदा अख्तर दो स्थान ऊपर चढ़कर 29वें नंबर पर पहुंची हैं. पाकिस्तान की उम्म-ए-हानी ने 58 स्थान की बड़ी छलांग लगाते हुए 51वां स्थान हासिल किया है. भारत की क्रांति गौड़ भी चार स्थान ऊपर चढ़कर 53वें नंबर पर पहुंच गई हैं.
वनडे रैंकिंग में हेली मैथ्यूज को बड़ा फायदा
महिला वनडे रैंकिंग में वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने भी बड़ी छलांग लगाई है. जिम्बाब्वे के खिलाफ आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज में करियर की सर्वश्रेष्ठ 182 रन की पारी खेलने के बाद मैथ्यूज बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं. यह वेस्टइंडीज की किसी महिला खिलाड़ी का वनडे में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है. जिम्बाब्वे की कप्तान मोडेस्टर मुपाचिक्वा भी दो मैचों में 86 और 38 रन बनाने के बाद 16 स्थान ऊपर चढ़कर करियर की सर्वश्रेष्ठ 40वीं रैंकिंग पर पहुंच गई हैं. उनकी सलामी जोड़ीदार केलिस न्दलोवु 61वें से 56वें स्थान पर पहुंची हैं. गेंदबाजी रैंकिंग में वेस्टइंडीज की आलियाह एलीन आठ स्थान ऊपर चढ़कर 58वें नंबर पर पहुंची हैं, जबकि अश्मिनी मुनिसर 107वें से 84वें स्थान पर पहुंच गई हैं.