Last Updated:
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में अब मानसून विदा होने को है. अगले चार दिनों में हालात बिल्कुल बदले हुए नजर आएंगे. बारिश की संभावना खत्म होती जा रही है. आज (29 सितंबर 2026, दिन मंगलवार) कुछ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी जताया गया है.
आज चार जिलों का मौसम बिल्कुल शुष्क रहेगा. (सांकेतिक तस्वीर)
जबलपुर. मध्य प्रदेश का मौसम अब अगले दौर में प्रवेश कर रहा है. आने वाले कुछ दिनों में मानसून की विदाई तय मानी जा रही है. अब धीरे-धीरे गुलाबी ठंड का दौर शुरू होगा. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (29 सितंबर 2026, दिन मंगलवार) ज्यादातर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने के आसार हैं. गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवा का दौर जारी रहेगा. इस दौरान खुले में, टिन शेड, हल्की नुकीली या धारदार वस्तुओं आदि के आसपास न खड़े हों. IMD के अनुसार, आगामी कुछ दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और शाम होते ही हल्की ठंड महसूस होगी.
मौसम विभाग के अनुसार आज चार जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. ये जिले हैं- बड़वानी, खंडवा, खरगोन और बुरहानपुर. यहां मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. वहीं शेष जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना बन रही है. बिजली कड़कने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी. IMD ने लोगों से अपील की है कि तेज हवा चलने के दौरान घर, दफ्तर, दुकान आदि के भीतर ही रहें. अनावश्यक यात्रा करने से बचें.
कैसा रहेगा भोपाल-इंदौर का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी भोपाल में सुबह धूप खिलेगी. वहीं दिन के समय आंशिक रूप से बदल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है. भोपाल में आज गर्जन के साथ तेज रफ्तार झोंकेदार हवा चलेगी. इंदौर में भी कुछ इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा. कुछ एक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है. ज्यादातर स्थान शुष्क रहेंगे.
दिन के तापमान में बढ़ोतरी
बताते चलें कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 अक्टूबर तक मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना बिल्कुल न के बराबर हो जाएगी. दिन में तेज धूप के चलते तापमान में बढ़ोतरी होगी लेकिन शाम होते ही तापमान में कमी देखने को मिलेगी और ठंड महसूस होने लगेगी. IMD ने मौसम में होने वाले बदलाव के मद्देनजर स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की है.