ऋषिकेश में राफ्टिंग शुरू होते ही फिर लगा ब्रेक, बारिश ने बिगाड़ा पर्यटकों का पूरा प्लान, बोले- खास छुट्टी लेकर आए थे

ऋषिकेश में राफ्टिंग शुरू होते ही फिर लगा ब्रेक, बारिश ने बिगाड़ा पर्यटकों का पूरा प्लान, बोले- खास छुट्टी लेकर आए थे


Last Updated:

Rishikesh River Rafting Update: दो महीने के लंबे सन्नाटे के बाद गंगा की लहरों पर लौटा रोमांच महज 48 घंटे में ही फिर थम गया. मॉनसून के बाद जैसे ही राफ्टिंग के चप्पू चले, पर्यटकों के चेहरे खिल उठे थे, लेकिन आसमान से बरसी आफत ने सारा खेल बिगाड़ दिया. गंगा के उफान और तेज बहाव को देखते हुए सुरक्षा कारणों से राफ्टिंग पर दोबारा ब्रेक लगा दिया गया है, जिससे दूर-दराज से पहुंचे एडवेंचर प्रेमियों के हाथ सिर्फ मायूसी लगी है.

Rishikesh River Rafting Update: ऋषिकेश में बारिश के मौसम के चलते पिछले करीब दो महीने से बंद पड़ी राफ्टिंग दोबारा शुरू हुई ही थी कि एक बार फिर इस पर ब्रेक लग गया है. करीब दो दिन पहले राफ्टिंग शुरू होने के बाद पर्यटकों में काफी उत्साह था. कई लोग लंबे इंतजार के बाद गंगा में राफ्टिंग का रोमांच लेने ऋषिकेश पहुंचे थे. लेकिन दो दिन बाद ही हुई बारिश ने फिर पूरा खेल बिगाड़ दिया. बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ गया और सुरक्षा को देखते हुए राफ्टिंग को दोबारा रोकना पड़ा.

दरअसल, बारिश के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ने और बहाव तेज होने के कारण राफ्टिंग करीब दो महीने से बंद थी. इस दौरान राफ्टिंग से जुड़े कारोबारियों और पर्यटकों को इसके दोबारा शुरू होने का इंतजार था. मौसम में कुछ सुधार के बाद करीब दो दिन पहले राफ्टिंग को फिर से शुरू किया गया. राफ्टिंग शुरू होने के साथ ही ऋषिकेश पहुंचने वाले पर्यटकों के बीच भी उत्साह देखने को मिला. लंबे समय से राफ्टिंग बंद होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब मौसम कुछ बेहतर रहेगा और वे गंगा की लहरों के बीच एडवेंचर का मजा ले पाएंगे. लेकिन यह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिक पाई. राफ्टिंग शुरू हुए अभी दो दिन ही हुए थे कि इलाके में फिर बारिश शुरू हो गई. बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ गया और नदी का बहाव भी तेज हो गया. ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए राफ्टिंग पर फिर रोक लगा दी गई.

छुट्टी लेकर पहुंचे सैलानियों के हाथ लगी मायूसी
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान राफ्टिंग के लिए नागपुर से ऋषिकेश पहुंचे यश ने बताया कि उन्होंने राफ्टिंग शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद ही ऋषिकेश आने का फैसला किया था. उन्होंने सोचा था कि दो महीने बाद राफ्टिंग शुरू हो गई है तो अब आराम से राफ्टिंग कर पाएंगे. इसी के लिए छुट्टी लेकर ऋषिकेश आए थे. लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि बारिश की वजह से फिर राफ्टिंग बंद हो गई है. थोड़ा निराश हुए, क्योंकि उनका मुख्य प्लान ही राफ्टिंग का था. अब बस यही उम्मीद है कि मौसम जल्दी साफ हो और दोबारा राफ्टिंग शुरू हो.

‘घूमने तो आए हैं, पर राफ्टिंग न होने का मलाल’
वहीं, दोस्तों के साथ ऋषिकेश पहुंचे पर्यटक वैभव ने कहा कि राफ्टिंग दोबारा शुरू होने की खबर सुनकर ही उन्होंने अपना प्लान बनाया था. करीब दो महीने से राफ्टिंग बंद थी, इसलिए जैसे ही पता चला कि शुरू हो गई है तो उन्होंने सोचा कि अब ऋषिकेश जाकर राफ्टिंग करेंगे. लेकिन सिर्फ दो दिन बाद ही बारिश हो गई और फिर रोक लग गई. उन्होंने कहा कि घूमने तो आए हैं, लेकिन राफ्टिंग नहीं कर पाए तो थोड़ा खराब लग रहा है. अगर मौसम ठीक होता है तो दोबारा आकर राफ्टिंग जरूर करेंगे.



Source link