पटना. विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कांग्रेस और विपक्ष के सवालों पर पलटवार किया है. चिराग पासवान ने कहा कि अगर SIR की प्रक्रिया में इतनी बड़ी गड़बड़ी थी, तो कांग्रेस के नेता चुनाव कैसे जीत रहे हैं और कांग्रेस की सरकारें कैसे बन रही हैं? उन्होंने सवाल उठाया कि अगर चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार कैसे बनी.
‘अगर SIR में दिक्कत थी तो प्रियंका गांधी कैसे जीतीं?’
चिराग पासवान ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि अगर SIR इतना बड़ा मुद्दा था और चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीत गईं? उनका इशारा वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी की जीत की ओर था. चिराग ने कहा कि अगर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर विपक्ष को विश्वास नहीं है तो कांग्रेस के चुनावी नतीजों को भी इसी सवाल के दायरे में देखना चाहिए. उन्होंने केरल और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए पूछा कि अगर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी थी तो वहां कांग्रेस की सरकार कैसे बनी?
पहले EC से सफाई मांग रहे थे चिराग
SIR विवाद को लेकर चिराग पासवान का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ दिन पहले उन्होंने खुद चुनाव आयोग से उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और अगर उस पर सवाल उठ रहे हैं तो आयोग की जिम्मेदारी है कि वह जनता के सामने अपना पक्ष मजबूती से रखे. अब चुनाव आयोग की ओर से सफाई आने के बाद चिराग पासवान ने कहा है कि उनकी भी कुछ चिंताएं थीं, लेकिन आयोग ने बिंदुवार हर बात को रखा है और वह इससे संतुष्ट हैं.
‘विपक्ष हर बार भ्रम फैलाता है’
चिराग पासवान ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष हर बार भ्रम फैलाता है. उनके मुताबिक जहां NDA या बीजेपी की सरकार बनती है, वहां विपक्ष को चुनाव प्रक्रिया पर सवाल दिखाई देते हैं, लेकिन जहां विपक्षी दलों की सरकार बनती है, वहां यही सवाल नजर नहीं आते. SIR और चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है. विपक्षी दलों ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर कई सवाल उठाए हैं, जबकि चुनाव आयोग का कहना है कि SIR से जुड़े अंतिम फैसले सभी तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए.
INDIA गठबंधन की बैठक पर चिराग का जवाब
INDIA गठबंधन की प्रस्तावित बैठक को लेकर सवाल पूछे जाने पर चिराग पासवान ने कहा, ‘शुभकामनाएं, शुभकामनाएं.’ उन्होंने इस बैठक को लेकर विस्तार से कोई टिप्पणी नहीं की.
‘यूथ बोले तो’ पर बोले चिराग
चिराग पासवान ने अपने ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर कहा कि उनकी पार्टी की सोच है कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए मौका और मंच मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मंच पर युवा अपनी सहमति, असहमति, आक्रोश, चिंता और सुझाव खुलकर रख सकते हैं. चिराग के मुताबिक ‘यूथ बोले तो’ की शुरुआत पटना से हुई और इसके बाद प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किया गया. उन्होंने कहा कि प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के युवाओं से जिस तरह का समर्थन मिला, उससे उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी पार्टी के चुनाव लड़ने की सोच को और बल मिला है.
राहुल गांधी के युवा संवाद से मुकाबले पर क्या बोले?
राहुल गांधी के युवा संवाद और ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम के बीच मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि अगर इसे कंपटीशन के तौर पर देखा जाए तो सभी को ऐसे कार्यक्रम करने चाहिए. उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और समय-समय पर युवाओं ने देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाई है. चिराग ने कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा मंच मिलना चाहिए.