नई दिल्ली (Divya Mittal IAS Resignation Next Step). ब्यूरोक्रेसी की दुनिया में अपने काम और बेबाक अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में हैं. उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की इस तेज-तर्रार अफसर ने अपने 13 साल लंबे प्रशासनिक सफर को अलविदा कहते हुए पिछले महीने आईएएस की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. सरकार ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है.
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल आगे क्या करेंगी?
इसी उत्सुकता को भांपते हुए खुद दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर रहस्यमयी पोस्ट शेयर कर लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. उन्होंने अपने पोस्ट में उन तमाम अटकलों और सवालों का जिक्र किया है जो इन दिनों आम लोगों के जेहन में उठ रहे हैं. लोग कयास लगा रहे हैं कि दिव्या मित्तल राजनीति में एंट्री ले सकती हैं, किसी बड़े कोचिंग संस्थान से जुड़ सकती हैं या विदेश में किसी शानदार पैकेज वाली नौकरी का रुख कर सकती हैं.
आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा:
“बच्चे छोटे हैं। अब घर।”
“अच्छा पैकेज मिलेगा। वापस विदेश।”
“IAS पर किताब लिखी है। कोचिंग।”
“टिकट पक्का हो गया होगा। राजनीति।”29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे।
बताऊँगी।
कल खुलासा करेंगी दिव्या मित्तल
इन तमाम चर्चाओं पर खुद विराम लगाते हुए दिव्या मित्तल ने साफ कर दिया है कि वह अपने अगले सफर के बारे में 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे आधिकारिक रूप से खुलासा करेंगी. आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर से पढ़ाई करने वाली इस पूर्व आईएएस अधिकारी का अगला कदम देश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में क्या भूचाल लाएगा, यह तो वक्त ही बताएगा.. लेकिन इस सस्पेंस ने लोगों की दिलचस्पी को दोगुना कर दिया है.
दिव्या मित्तल का इस्तीफा क्यों चर्चा में है?
उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल हमेशा से अपने काम करने के अलग अंदाज के लिए जानी जाती रही हैं. उन्होंने बतौर जिलाधिकारी बेहतरीन काम करके जनता के बीच मजबूत और ईमानदार छवि बनाई है. लेकिन इसी साल 30 अगस्त को उन्होंने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राज्य सरकार ने 14 सितंबर को मंजूरी दे दी. जेपी मॉर्गन लंदन की नौकरी छोड़कर देश सेवा में आई मेधावी अफसर का इस तरह बीच सफर में प्रशासनिक सेवा को छोड़ना हर किसी को हैरान कर गया.
सोशल मीडिया पर सस्पेंस और लोगों के कयास
इस्तीफे के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था. हाल ही में दिव्या मित्तल ने ‘X’ पर पोस्ट शेयर कर लोगों के तमाम सवाल एक साथ सामने रख दिए. उन्होंने लिखा कि लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं- जैसे ‘बच्चे छोटे हैं, अब घर संभालेंगी’, ‘विदेश में कोई अच्छा पैकेज मिलेगा’, ‘आईएएस पर किताब लिखेंगी या कोचिंग शुरू करेंगी’ या ‘किसी राजनीतिक दल का टिकट पक्का हो गया होगा.’ इन सभी अटकलों के बीच उन्होंने घोषणा की है कि वह 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे अपने अगले सफर से पर्दा उठाएंगी.