Last Updated:
Ranchi Spa Honey Trap Case: झारखंड की राजधानी रांची में स्पा सेंटर में मसाज का झांसा देकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मसाज सेंटर के नाम पर पहले युवकों को झांसे में लेकर बुलाया जाता था और फिर उनके साथ मारपीट कर पैसों की छिनतई और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया जाता था. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
रांची में स्पा के नाम पर गंदा खेल, युवक का अश्लील वीडियो बनाकर मांगे 5 लाख रुपये
रांची. स्पा सेंटर में मसाज कराने का झांसा देकर एक युवक को कथित तौर पर लूटने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. नामकुम के मौलाना आजाद कॉलोनी में युवक को बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और फिर उसी वीडियो के जरिए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में एक महिला समेत तीन लोग शामिल थे, जो कथित तौर पर इसी तरीके से दूसरे युवकों को भी निशाना बनाते थे.
स्पा में मसाज के बहाने बुलाया, फिर बनाया बंधक
मामला रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी के रोड नंबर 11 का है. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, मो. नसीम के मोबाइल पर स्पा सेंटर में मसाज कराने के लिए कॉल आया था. इसके बाद उसे मसाज के बहाने बताए गए पते पर बुलाया गया. नसीम जब वहां पहुंचा और घर के कमरे में दाखिल हुआ, तो वहां पहले से सानिया परवीन, मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू मौजूद थे.
कपड़े उतरवाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर लूट
आरोप है कि कमरे में पहुंचते ही नसीम को बंधक बना लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद जबरन कपड़े उतरवाकर उसका अश्लील वीडियो और फोटो बनाया गया. आरोपियों ने उसके पास मौजूद सोने की चेन और 46 हजार रुपये नकद लूट लिए. इसके अलावा डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए भी उससे 8 हजार रुपये ले लिए गए.
वीडियो डिलीट करने के नाम पर 5 लाख की रंगदारी
लूटपाट के बाद भी नसीम की मुश्किलें खत्म नहीं हुईं. आरोप है कि उसके अश्लील वीडियो और फोटो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा. वीडियो डिलीट करने के बदले उससे 5 लाख रुपये नकद मांगे गए. इस तरह मसाज के नाम पर शुरू हुआ संपर्क कथित तौर पर मारपीट, लूट और रंगदारी तक पहुंच गया.
सानिया करती थी युवकों को जाल में फंसाने का काम
पुलिस के मुताबिक, सानिया परवीन, मो. हैदर और मो. वसीम कथित तौर पर गिरोह की तरह काम करते थे. पहले ऐसे युवकों की पहचान की जाती थी, जिनके पास पैसे होने की संभावना रहती थी. इसके बाद सानिया उनके मोबाइल नंबर हासिल कर उनसे संपर्क करती और स्पा या मसाज का झांसा देकर बताए गए ठिकाने पर बुलाती थी. वहां पहुंचने के बाद युवक को बंधक बनाकर मारपीट, लूट और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप है.
दूसरे युवकों को भी बनाया था निशाना, शिकायत नहीं होने से बढ़े हौसले
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इससे पहले भी कुछ अन्य युवकों के साथ इसी तरह की वारदात की थी. हालांकि, उन मामलों में किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. इसी वजह से कथित तौर पर आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर थे. नसीम के मामले में सामने आए आरोपों के बाद इस गिरोह के काम करने के तरीके और दूसरी संभावित वारदातों की जांच महत्वपूर्ण हो गई है.