Last Updated:
रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र की हनुमान बस्ती में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है. स्थानीय निवासियों के हंगामे के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है. फरियादी ने 2 लाख रुपये के प्रलोभन का आरोप लगाया है.
रीवा में धर्मसभा के दौरान स्थानीय लोगों ने किया हंगामा.
Rewa News: रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान बस्ती में धर्मांतरण के प्रयास का मामला सामने आया है. एक घर के भीतर चल रही प्रार्थना सभा के दौरान अचानक चीख-पुकार और हंगामा शुरू हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
प्रार्थना सभा के नाम पर लालच का आरोप
स्थानीय निवासियों को भनक लगी कि प्रार्थना सभा के नाम पर संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आरोप है कि पैसों और सुख-सुविधाओं का लालच देकर गरीब महिलाओं, मासूम बच्चों और बुजुर्गों का ब्रेनवॉश किया जा रहा था.
15 हजार की किस्त में 2 लाख का प्रलोभन
मामले में फरियादी ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं. फरियादी का दावा है कि इस जगह पर बीते दो वर्षों से धर्मांतरण का यह खेल चल रहा था. सीधे-साधे और गरीब परिवारों को 15 हजार रुपये की किस्त में कुल 2 लाख रुपये का लालच दिया जाता था. साथ ही प्रार्थना सभा के बहाने लोगों को एक कमरे में जमा कर उनका मानसिक ब्रेनवॉश किया जाता था.
पुलिस ने दो पर नामजद एफआईआर की
हंगामे की खबर मिलते ही सोहागी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. स्थानीय लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अब इस मामले में पूरी तरह एक्शन मोड में है. प्रार्थना सभा में मौजूद रहे हर एक व्यक्ति से बारीकी से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नेक्सस का पर्दाफाश किया जा सके.
जांच के बाद आरोप की पुष्टि होगी
मामले पर सोहागी के थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि क्षेत्र में धर्मांतरण का एक गंभीर मामला सामने आया है. उन्होंने पुष्टि की कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.