Last Updated:
सूरत में चोरी करने आए चोर ही मुसीबत में फंस गए और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे. चोरी करने घुसे दो चोर फैक्ट्री में अंदर पहुंचकर निकलने का रास्ता भूल गए और लोगों से मदद मांगने लगे. इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला.
सूरत में दो चोर चोरी करने के लिए एक बंद फैक्ट्री में घुस गए और रास्ता भूल गए. AI Image
सूरत से बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है. जब चोरों को पकड़ने के लिए नहीं बल्कि चोरों को बचाने के लिए पुलिस और फायर की गाड़ियां पहुंचीं. दरअसल यहां चोरी करने आए चोर ही मुसीबत में फंस गए. जिन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को आगे आना पड़ा.
सूरत शहर में अक्सर अपराध की कई घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन खटोदरा इलाके की एक घटना काफी दिलचस्प है. इलाके की एक फैक्ट्री काफी समय से बंद थी. ऐसे में यहां चोरी के इरादे से दो चोर अंदर घुस गए.सामान ढूंढते और चोरी करते हुए वे फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में पहुंच गए, लेकिन जब बाहर निकलने का नंबर आया तो वे रास्ता भूल गए.
काफी देर तक बंद फैक्ट्री रास्ता ढूंढने के बाद भी जब चोरों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला तो वे घबरा गए. आखिरकार, वे दोनों तीसरी मंजिल की खिड़की तक पहुंच गए. वहां से उन्होंने बाहर लोगों को सड़क पर देखा तो उन्हें कोई रास्ता नहीं दिखाई दिया और वे नीचे लोगों को देखकर ज़ोर-ज़ोर से मदद के लिए चिल्लाने लगे “हमें बचाओ… हमें बचाओ…”.
बंद फैक्ट्री से आ रही आवाजों को सुनकर आसपास के लोग काफी हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंचे बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को खिड़की से सुरक्षित नीचे उतार लिया.