पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल से रिहाई को लेकर उनके परिवार की बेचैनी अब खुलकर सामने आने लगी है. इमरान खान के बेटे कासिम खान ने संकेत दिया है कि अगर सरकार के साथ किसी समझौते के जरिये उनके पिता जेल से बाहर आ सकते हैं, तो वह ऐसी किसी डील के पक्ष में होंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उन्हें पाकिस्तान की जमीनी राजनीतिक स्थिति की पूरी जानकारी नहीं है और पिछले सात महीनों से उनकी अपने पिता से बात तक नहीं हुई है.
ब्लूमबर्ग ने CBC News के हवाले से बताया कि कासिम ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा कि उन्हें अपने पिता से दोबारा मिलना मुश्किल होता जा रहा है. ऐसे में वह उनकी रिहाई के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं.
कासिम ने कहा कि निजी तौर पर वह चाहेंगे कि इमरान खान सरकार के साथ कोई समझौता कर लें, जिससे उनकी जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो सके. हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी साफ किया कि उन्हें नहीं लगता कि उनके पिता आसानी से ऐसी किसी डील के लिए तैयार होंगे.
‘पापा डील कर लें तो मुझे खुशी होगी’
कासिम ने कहा कि एक बेटे के तौर पर वह चाहेंगे कि उनके पिता जेल से बाहर आएं. लेकिन इमरान खान के लिए मामला सिर्फ उनकी अपनी रिहाई तक सीमित नहीं है. कासिम के मुताबिक, पाकिस्तान में कई अन्य राजनीतिक कैदी भी जेल में हैं और उनके परिवार के कुछ सदस्य भी हिरासत में हैं. ऐसे में इमरान के लिए अकेले अपनी रिहाई के बदले समझौता करना आसान नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि इमरान खान बेहद मजबूत इच्छाशक्ति वाले व्यक्ति हैं और वह जानते हैं कि उनके साथ-साथ कई दूसरे राजनीतिक कार्यकर्ता भी जेल में बंद हैं. यही वजह है कि उनके लिए किसी समझौते को स्वीकार करना मुश्किल हो सकता है.
कासिम ने यह भी आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें अपने पिता से बातचीत करने का मौका नहीं मिल पाया है. उनके मुताबिक, अदालत ने परिवार को इमरान से बात करने की अनुमति देने का आदेश दिया था, लेकिन उस आदेश समेत कई अन्य निर्देशों का पालन नहीं हुआ.
क्या पाकिस्तान सरकार ने सच में दी है कोई डील?
इमरान खान के बेटे के बयान से यह सवाल जरूर उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री को जेल से बाहर निकालने के लिए सच में कोई समझौता प्रस्ताव दिया है. हालांकि, अभी इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, यह साफ नहीं है कि शहबाज शरीफ सरकार ने इमरान खान को उनके खिलाफ चल रहे मामलों को निपटाने और रिहाई के बदले कोई डील ऑफर की है या नहीं. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने इस संबंध में पूछे गए सवाल का तत्काल जवाब नहीं दिया.
इमरान की सेहत को लेकर भी चिंता
इस बीच जेल में बंद इमरान खान की सेहत को लेकर भी उनके परिवार और समर्थकों की चिंता बढ़ी हुई है. हाल के महीनों में उनकी तबीयत खराब होने की खबरें सामने आती रही हैं. रिपोर्टों में दावा किया गया है कि उनकी एक आंख की रोशनी काफी प्रभावित हुई है और उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए कई बार अस्पताल ले जाया गया.
इमरान खान के परिवार और वकीलों ने जेल में उनके साथ कथित खराब व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि पूर्व प्रधानमंत्री को बेहद सीमित परिस्थितियों में रखा जा रहा है और वह दिन का करीब 23 घंटे छोटे से सेल में बिताते हैं, जहां प्राकृतिक रोशनी और दूसरे कैदियों से संपर्क की सुविधा नहीं है. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है.
पीटीआई का विरोध प्रदर्शन भी टला
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने हाल ही में देशभर में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी. रिपोर्टों के मुताबिक, सरकार के साथ बातचीत की संभावनाओं के बीच इसे टाल दिया गया.
इमरान खान फिलहाल भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में सजा काट रहे हैं. उन्हें पिछले साल एक भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की जेल की सजा भी सुनाई गई थी. ऐसे में उनके बेटे का ताजा बयान पाकिस्तान की राजनीति में संभावित बातचीत और समझौते की अटकलों को फिर हवा दे रहा है.