Last Updated:
Britain News: ब्रिटेन में RAF फेयरफोर्ड सैन्य अड्डे के पास व्हेलफोर्ड गांव में रविवार को कई घर खाली कराए गए. सवाल उठ रहा है कि क्या इस बेस पर हमले की किसी तरह की साजिश रची जा रही थी? ग्लॉस्टरशायर पुलिस ने विस्फोटक कानून के तहत कई लोगों को गिरफ्तार किया. सेना की बम निरोधक टीम कई वाहनों की जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा घेरा बनाया गया है.
ब्रिटेन में RAF फेयरफोर्ड.
UK News Hindi: रविवार सुबह इंग्लैंड के पश्चिमी हिस्से में अमेरिकी वायुसेना की मौजूदगी वाले एक सैन्य अड्डे के पास अचानक हड़कंप मच गया. RAF फेयरफोर्ड के करीब वेल्फोर्ड गांव में कई घरों को खाली करा लिया गया. वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर बने एक मनोरंजन केंद्र में भेजा गया. पुलिस ने बताया कि कई लोगों को विस्फोटक कानून के तहत अपराध के शक में गिरफ्तार किया गया है. सेना की बम निरोधक टीम कई वाहनों की जांच कर रही है और पूरे इलाके में घेरा डाल दिया गया है. अभी भी कोई साफ-साफ जानकारी नहीं दी गई है. सवाल यही उठ रहा है कि क्या इस बेस को बम से उड़ाने की साजिश रही जा रही थी, जिसकी भनक लगते ही पुलिस और सेना हरकत में आ गई या फिर वजह कुछ और है.
RAF फेयरफोर्ड के पास अचानक क्यों खाली कराए गए घर?
ग्लॉस्टरशायर पुलिस के मुताबिक व्हेलफोर्ड इलाके में कई मकानों को खाली कराया गया है. पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह कई लोगों को हिरासत में लिया गया और इसके बाद इलाके में बड़े स्तर पर सुरक्षा अभियान शुरू किया गया. पुलिस ने इसे ‘मेजर इंसिडेंट’ घोषित किया है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. इलाके में बड़ी संख्या में इमरजेंसी सर्विसेस के कर्मचारी मौजूद हैं. हजार्डस एरिया रिस्पॉन्स टीम भी मौके पर पहुंची है.
बम निरोधक टीम कर रही गाड़ियों की जांच
मामले में सबसे ज्यादा रहस्य उस वक्त बढ़ गया, जब सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. पुलिस के मुताबिक विशेषज्ञ कई वाहनों की जांच कर रहे हैं. इलाके में सुरक्षा घेरा बनाया गया है और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि कई लोगों को एक्सप्लोजिव एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है. हालांकि अभी तक पुलिस ने यह साफ नहीं किया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों का RAF फेयरफोर्ज सैन्य अड्डे से कोई संबंध है या नहीं. यही सवाल फिलहाल पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है.
अमेरिकी बॉम्बर इस बेस पर रहते हैं
घटना जिस इलाके में हुई है, वह RAF Fairford के बेहद करीब है. यह सैन्य अड्डा अमेरिकी वायुसेना के इस्तेमाल में भी रहा है. BBC की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के साथ अमेरिका के युद्ध की शुरुआत होने के बाद यहां से अमेरिकी बॉम्बर विमानों की तैनाती की गई थी. मार्च में तत्कालीन प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की इजाजत के बाद चार अमेरिकी बॉम्बर RAF फेयरफोर्ड पहुंचे थे. अमेरिकी सेना को ब्रिटेन के इन ठिकानों से ईरानी मिसाइल ठिकानों के खिलाफ डिफेंसिव कार्रवाई के लिए इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी.