Side Income Options for Salaried Employees: नौकरी के साथ कर सकते हैं ये 5 साइड जॉब्स, हर तरफ से बरसेगा पैसा, नहीं टूटेगा जॉब कॉन्ट्रैक्ट

Side Income Options for Salaried Employees: नौकरी के साथ कर सकते हैं ये 5 साइड जॉब्स, हर तरफ से बरसेगा पैसा, नहीं टूटेगा जॉब कॉन्ट्रैक्ट


नई दिल्ली (Side Income Options). महंगाई आसमान छू रही है और खर्चे बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में केवल एक सैलरी पर निर्भर रहना काफी चैलेंजिंग है. सैलरीड क्लास यानी नौकरीपेशा लोगों के मन में अक्सर सवाल आता है कि क्या वे ऑफिस के बाद या वीकेंड पर कुछ ऐसा कर सकते हैं जिससे घर बैठे थोड़ा एक्स्ट्रा पैसा कमाया जा सके? लेकिन इस चाहत के साथ ही एक डर भी होता है- क्या यह एंप्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट के खिलाफ है? यह सवाल बिल्कुल जायज है. जरा सी भी लापरवाही मेन जॉब को खतरे में डाल सकती है.

यहीं पर समझदारी की जरूरत पड़ती है. भारत में कॉर्पोरेट और प्राइवेट जॉब्स के कुछ नियम होते हैं. इन्हें ‘एंप्लॉयमेंट एग्रीमेंट’ या ‘नॉन-कम्पीट क्लॉज’ कहा जाता है. इसका मतलब यह नहीं है कि आप अपनी स्किल का इस्तेमाल करके साइड इनकम नहीं कमा सकते. इसका मतलब है कि लिमिट में रहकर काम करना होगा. जानिए 5 बेहतरीन और सेफ साइड इनकम ऑप्शन, जिनसे आपके जॉब कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें नहीं टूटेंगी और आप घर बैठे कुछ कमाई भी कर सकेंगे.

एंप्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट में क्या और क्यों होता है?

नौकरी जॉइन करते समय लंबा-चौड़ा ऑफर लेटर थमाया जाता है. अक्सर लोग बिना पढ़े साइन कर देते हैं. इसमें Exclusivity Clause या Non Compete Agreement होता है. एंप्लॉइज ऑफिस के समय किसी अन्य जगह ध्यान न दें, उनके क्लाइंट्स या डेटा का गलत इस्तेमाल न करें और उनके किसी कम्पटीटर (प्रतिद्वंद्वी कंपनी) के लिए काम न करें.. इसलिए यह क्लॉज बनाया जाता है. अगर आपका साइड बिजनेस कंपनी के हितों के खिलाफ है या ऑफिस आवर्स को डिस्टर्ब करता है तो यह कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन माना जाता है.

कॉन्ट्रैक्ट में ‘सेफ साइड इनकम’ का सच कैसे पता करें?

जॉब कॉन्ट्रैक्ट साइड इनकम की अनुमति देता है या नहीं, यह समझने के लिए अपने एग्रीमेंट के 2 पेज ध्यान से पढ़ने होंगे: पहला- Conflict of Interest (हितों का टकराव) और दूसरा- Dual Employment (दोहरी नौकरी). अगर कॉन्ट्रैक्ट में लिखा है कि आप फुल-टाइम के अलावा कोई अन्य कमर्शियल एक्टिविटी नहीं कर सकते तो अलर्ट होने की जरूरत है. हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि रास्ते बंद हैं. आप HR से बात करके या लिखित में अप्रूवल लेकर पैसिव इनकम या फ्रीलांसिंग कर सकते हैं.

साइड इनकम के लिए 5 बेस्ट ऑप्शन

अगर सैलरी से घर खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है तो आप नीचे लिखे इन 5 ऑप्शंस को साइड इनकम का जरिया बना सकते हैं.

1. कंटेंट राइटिंग और ब्लॉगिंग

अगर लिखने का शौक है तो यह बेहतरीन और सेफ साइड इनकम ऑप्शन है. अपनी नौकरी के दायरे से बाहर जाकर किसी फ्रीलांस ब्लॉग, डिजिटल प्लेटफॉर्म या नॉन-कम्पीटिंग वेबसाइट के लिए आर्टिकल लिख सकते हैं. इसमें ऑफिस कॉन्ट्रैक्ट उल्लंघन नहीं होता, बशर्ते आप अपनी मुख्य कंपनी की गोपनीय जानकारी (Confidential Data) का इस्तेमाल न करें और काम ऑफिस के घंटों के बाद करें.

2. ऑनलाइन ट्यूशन या स्किल टीचिंग

डिजिटल युग में ज्ञान बेचना सबसे आसान और सम्मानजनक तरीका है. अगर मैथ्स, साइंस, कोडिंग, अंग्रेजी या किसी अन्य विषय की अच्छी समझ है तो वीकेंड पर या शाम के समय ऑनलाइन क्लास ले सकते हैं. कई ऐसे प्लेटफॉर्म्स हैं जहां 1-2 घंटे पढ़ाकर अच्छी खासी कमाई की जा सकती है. यह प्रोफेशनल जॉब प्रोफाइल से अलग पर्सनल स्किल शेयरिंग है. इसलिए इस पर कंपनियां कोई आपत्ति नहीं जताती हैं.

3. स्टॉक मार्केट और म्यूचुअल फंड

इसे एक्टिव काम के बजाय ‘पैसिव इनकम’ का राजा कहा जाता है. अगर थोड़ी बचत है तो सही फाइनेंशियल प्लानिंग के जरिए शेयर बाजार, इंडेक्स फंड्स या SIP में निवेश कर सकते हैं. इसके लिए ऑफिस के दौरान ट्रेडिंग करने की जरूरत नहीं है, बस लॉन्ग टर्म वेल्थ क्रिएशन पर फोकस करना होता है. भारतीय कानून और कॉर्पोरेट नियमों के तहत निवेश करना हर नागरिक का अधिकार है.

4. डिजिटल डिजाइनिंग और कैनवा क्रिएशन

सोशल मीडिया मैनेजर्स, छोटे ब्रांड्स और यूट्यूबर्स को आकर्षक ग्राफिक्स, थंबनेल और सोशल मीडिया पोस्ट्स की बहुत जरूरत रहती है. अगर डिजाइनिंग का थोड़ा भी हुनर है तो आप Canva या बेसिक टूल्स की मदद से फ्रीलांस प्रोजेक्ट्स उठा सकते हैं. इसे रात के समय या छुट्टियों में आसानी से मैनेज कर सकते हैं. यह प्रोजेक्ट-बेस्ड काम है. इसलिए यह मेन एंप्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट के आड़े नहीं आता.

5. ट्रांसलेशन और वॉयस ओवर

भारत में क्षेत्रीय भाषाओं के जानकारों की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. अगर अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, क्षेत्रीय भाषाओं या विदेशी भाषाओं पर आपकी पकड़ अच्छी है तो आप ट्रांसलेशन (अनुवाद) का काम कर सकते हैं. इसके अलावा, वॉयस ओवर यानी अपनी आवाज में ऑडियो बुक्स या वीडियो के लिए रिकॉर्डिंग करना भी शानदार और फ्लेक्सिबल ऑप्शन है. इसे घर बैठे आसानी से किया जा सकता है.



Source link