Patna Cricket League: पटना क्रिकेट लीग का बजा बिगुल, 10 अक्टूबर से फॉर्म मिलेंगे, 16 नवंबर तक होगा चुनाव

Patna Cricket League: पटना क्रिकेट लीग का बजा बिगुल, 10 अक्टूबर से फॉर्म मिलेंगे, 16 नवंबर तक होगा चुनाव


होमखेलक्रिकेट

पटना क्रिकेट लीग का बजा बिगुल, 10 अक्टूबर से फॉर्म मिलेंगे, 16 नवंबर तक चुनाव

Last Updated:

PDCA Cricket League 2026-27: पटना जिला क्रिकेट संघ (PDCA) की बैठक में 2026-27 की घरेलू क्रिकेट लीग, पटना टीम के प्रदर्शन और संघ के चुनाव पर अहम चर्चा हुई. लीग के फॉर्म 10-11 अक्टूबर को मिलेंगे और 24-25 अक्टूबर को जमा होंगे. 16 नवंबर तक नई कमेटी के गठन का लक्ष्य है.

Zoom

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ (पीडीसीए) की कमेटी ऑफ मैनेजमेंट (सीओएम) की बैठक हुई. शुक्रवार को संघ के कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता पीडीसीए के उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने की. बैठक में आगामी सत्र 2026-27 की घरेलू क्रिकेट लीग, पटना टीम के प्रदर्शन, लीग कमेटी के गठन, बजट और संघ के चुनाव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई.

बैठक के बाद जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने बताया कि सत्र 2026-27 में पीडीसीए की घरेलू क्रिकेट लीग और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के घरेलू क्रिकेट मैचों में पटना टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की गई. टीम के प्रदर्शन में सुधार और आगामी सत्र की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ.

10 और 11 अक्टूबर को मिलेंगे लीग के फॉर्म
बैठक में आगामी सत्र की क्रिकेट लीग के लिए फॉर्म जारी करने और जमा करने की तारीख तय कर दी गई है. 10 और 11 अक्टूबर 2026 को लीग के फॉर्म वितरित किए जाएंगे. जबकि 24 और 25 अक्टूबर को फॉर्म जमा किए जाएंगे. फॉर्म वितरण और जमा करने समेत लीग से संबंधित अन्य कार्य पीडीसीए के पटना स्थित कार्यालय से किए जाएंगे. बैठक में आगामी क्रिकेट लीग के लिए बजट को भी मंजूरी दी गई. साथ ही लीग के सुचारू संचालन के लिए लीग कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया. कमेटी को आयोजन से जुड़ी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी.

तीन फॉर्मेट में होगी 2026-27 की लीग
रहबर आबदीन ने बताया कि सत्र 2026-27 की घरेलू क्रिकेट लीग का आयोजन तीन फॉर्मेट में किया जाएगा. लीग का आयोजन छठ पर्व के बाद कराने का निर्णय लिया गया है. पीडीसीए का प्रयास रहेगा कि बीसीए की घरेलू क्रिकेट लीग शुरू होने से पहले पटना जिला क्रिकेट संघ की घरेलू प्रतियोगिता पूरी हो जाए.

सीनियर-जूनियर लीग के खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान
बैठक में सत्र 2025-26 की सीनियर और जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के पुरस्कार वितरण के लिए भव्य समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया. समारोह में लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा हाल में आयोजित अंपायर और स्कोरर परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.

16 नवंबर तक नई कमेटी के गठन का लक्ष्य
बैठक में पीडीसीए के चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी कर 16 नवंबर 2026 तक नई पीडीसीए कमेटी का गठन किया जाएगा. रहबर आबदीन ने कहा कि पटना जिला क्रिकेट संघ से जुड़े खिलाड़ियों, अंपायरों, स्कोररों और क्लब पदाधिकारियों के हितों की रक्षा के लिए संघ लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि संघ अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए खिलाड़ियों के हित में काम करता रहेगा.



Source link