Bengaluru AI traffic camera error। Guitar mistaken for helmet fine। वाह रे AI, गिटार का भी काट दिया चालान, PHOTO देख खुद समझें चूक की असली वजह

Bengaluru AI traffic camera error। Guitar mistaken for helmet fine। वाह रे AI, गिटार का भी काट दिया चालान, PHOTO देख खुद समझें चूक की असली वजह


नई दिल्‍ली. जब एआई कैमरे और तकनीक का इस्तेमाल ट्रैफिक नियम सुधारने के लिए किया जाता है तो उम्मीद होती है कि चालान बिल्कुल सटीक कटेंगे. लेकिन जब सिस्टम इंसानी समझ को दरकिनार कर सिर्फ मशीनरी दिमाग पर चले तो ऐसे मजेदार और हैरान करने वाले मामले सामने आते हैं, जो किसी जोक जैसे लगते हैं. बेंगलुरु में एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जहां पीठ पर टंगे गिटार को ट्रैफिक कैमरों ने बिना हेलमेट वाला मुसाफिर समझ लिया और पांच सौ रुपये का भारी-भरकम चालान थमा दिया. बेंगलुरु की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की निगरानी के लिए लगाए गए आधुनिक एआई कैमरों ने एक बार फिर तकनीकी चूक की अजीब मिसाल पेश की है.

सौविक दत्ता नाम के एक शख्स जब अपनी पत्नी के स्कूटर पर सवार होकर जा रहे थे, तब उन्होंने अपनी पीठ पर एक गिटार टांग रखा था. आउटर रिंग रोड पर लगे एआई सर्विलांस कैमरे ने इसे बिना हेलमेट के पीछे बैठे यात्री के तौर पर कैप्चर कर लिया. अगले ही दिन उनके पास पांच सौ रुपये का चालान और बाकायदा तस्वीर के साथ सबूत पहुंच गया. जब सौविक ने सोशल मीडिया पर इस अजीबो-गरीब घटना को शेयर किया तो शहर के एआई-बेस्ड ट्रैफिक सिस्टम की जमकर खिल्ली उड़ने लगी. हालांकि, मामला तूल पकड़ने पर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त (यात्री) कार्तिक रेड्डी ने मामले की जांच कर गलती पाए जाने पर चालान रद्द करने का भरोसा दिया है. बेंगलुरु पुलिस ने दिसंबर 2022 में एआई कैमरे लगाए थे, लेकिन नंबर प्लेट गलत पढ़ने और ऐसे तकनीकी लोचे सामने आने के बाद अब पुलिस सभी चालानों का मैनुअल वेरीफिकेशन करती है, फिर भी ऐसी गलतियां होना चर्चा का विषय बन गया है.

हेलमेट पहने कार चलाना और सीट बेल्ट का गच्चा
यह अकेला मामला नहीं है बल्कि इस तरह की तकनीकी गलतियां पूरी दुनिया में सिरदर्द बनी हुई हैं. कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी में एक एआई कैमरे ने कार मालिक को हेलमेट न पहनने पर पांच सौ रुपये का चालान थमा दिया. जवाब में कार मालिक ने खुद हेलमेट पहनकर गाड़ी चलाते हुए एक वीडियो बना डाला. वहीं, कुछ साल पहले एक ड्राइवर को सीट बेल्ट न लगाने पर फाइन कर दिया गया, जबकि उसने बेल्ट पहनी हुई थी. कैमरे को ड्राइवर की शर्ट का रंग और सीट बेल्ट में फर्क ही समझ नहीं आया. ऑस्ट्रेलिया में भी मई के दौरान ऐसे ही मामलों में 60 प्रतिशत अपीलें सफल रही थीं.

सवाल-जवाब

बेंगलुरु में एआई कैमरे ने किस वस्तु को बिना हेलमेट का यात्री समझ लिया था?

कैमरे ने पीठ पर टंगे एक गिटार को बिना हेलमेट पहने पीछे बैठा यात्री समझ लिया था.

यात्री को ट्रैफिक उल्लंघन के लिए कितने रुपये का जुर्माना लगाया गया था?

सौविक दत्ता को 500 रुपये का जुर्माना (चालान) भेजा गया था.

यह पूरी घटना बेंगलुरु के किस इलाके में हुई थी?

यह घटना बेंगलुरु के आउटर रिंग रोड पर हुई थी.

मामले की शिकायत मिलने पर ट्रैफिक पुलिस के किस अधिकारी ने जांच का आश्वासन दिया?

संयुक्त आयुक्त (यात्री) कार्तिक रेड्डी ने इस मामले की जांच कर चालान रद्द करने की बात कही.

बेलगावी जिले में कार मालिक को किस बात का चालान भेज दिया गया था?

वहाँ एक कार मालिक को ‘हेलमेट न पहनने’ का चालान भेज दिया गया था.



Source link