Bank Open Today: आज संडे को खुलेंगे कौन-कौन से बैंक? फटाफट करें चेक

Bank Open Today: आज संडे को खुलेंगे कौन-कौन से बैंक? फटाफट करें चेक


नई दिल्‍ली. आज संडे है. वैसे तो रविवार को बैंक साप्‍ताहिक अवकाश की वजह से बंद होते हैं, लेकिन कल से शुरू हो रही बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने आज बैंक खुले रखने के आदेश दिए हैं. आज भारतीय स्‍टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक जैसे सरकारी बैंकों के साथ ही एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक जैसे प्राइवेट बैंक भी खुले रहेंगे. हालांकि, बैंक कर्मचारी यूनियन ने संडे को बैंक खुले रखने का विरोध किया है. इसलिए आप भी आज ब्रांच जाएं तो पहले कंफर्म कर लें कि वहां कामकाज हो रहा है या नहीं.

आज रविवार को सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंकों (RRB) खुले रहेंगे. आरबीआई की मंजूरी के बाद बैंक ब्रांच के साथ एटीएम से जुड़े ऑफिस और करेंसी चेस्ट भी काम करेंगे. अगर कैश जमा करना है, चेक जमा करना है, KYC डॉक्यूमेंट देना है या ऐसा कोई काम है जिसके लिए ब्रांच जाना जरूरी है, तो आज ये सारे काम आप ब्रांच जाकर कर सकते हैं.

कल से है तीन दिवसीय हड़ताल

कल से बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल है. सोमवार से बुधवार तक चलने वाली इस हड़ताल का असर ब्रांच जाकर होने वाले कई काम जैसे कैश जमा करना या निकालना, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, नया अकाउंट खोलना, केवाईसी (KYC) और डिमांड ड्राफ्ट (DD) बनवाने जैसे काम ठप रह सकते हैं.

प्राइवेट बैंक खुले रहेंगे

इस हड़ताल में प्राइवेट और को-ऑपरेटिव बैंक शामिल नहीं होंगे और इनकी शाखाएं सामान्‍य दिनों की तरह ही खुली रहेंगी. एचडीएफसी बैंक ने कहा कि बैंक रविवार, 27 सितंबर को भी खुला रहेगा और 28 से 30 सितंबर तक सेवाएं पूरी तरह सामान्य रहेंगी. दूसरे प्रमुख निजी बैंकों जैसे आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और यस बैंक ने भी अभी तक हड़ताल से उनका कामकाज प्रभावित होने संबंधी कोई जानकारी नहीं दी है.

सभी एटीएम ट्रांजैक्शन होंगे मुफ्त

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है. बैंक ने घोषणा की है कि हड़ताल की अवधि के दौरान सभी एटीएम ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. एसबीआई ने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए उसकी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. इसी के तहत 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच ग्राहकों से किसी भी बैंक के एटीएम पर किए गए लेनदेन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.

ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू

तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी ऑनलाइन भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, जिससे डिजिटल माध्यम से लेनदेन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी.



Source link