Last Updated:
भोपाल के डेवलपमेंट प्लान-2047 में शहर के रोड नेटवर्क को नए सिरे से संवारने और विस्तार देने का बड़ा खाका तैयार किया गया है. बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर में 30 से 60 मीटर चौड़ी 48 नई सड़कें बनाने का प्रस्ताव है. इनकी कुल लंबाई लगभग 280 किलोमीटर है. साल 2005 में पहली बार इस तरह का कोई प्रस्ताव लाया गया था.
भोपाल का मास्टर प्लान के तहत सड़कें चौड़ी होंगी. (फोटो साभारः एआई से बनाई गई है.)
भोपाल. भोपाल के नए डेवलपमेंट प्लान-2047 में शहर के सड़क नेटवर्क को विस्तार देने की बड़ी योजना प्रस्तावित की गई है. प्लान के तहत शहर में 30 से 60 मीटर तक चौड़ी 48 नई सड़कें प्रस्तावित हैं. इन सड़कों के बनने से बाहरी इलाकों को शहर के प्रमुख हिस्सों और केंद्र से जोड़ने में मदद मिलेगी. प्रस्तावित सड़कों की कुल लंबाई करीब 280 किलोमीटर बताई गई है.
मास्टर प्लान के मुताबिक भोपाल में मौजूदा सड़क नेटवर्क करीब 515 किलोमीटर है. नए प्लान में इसे बढ़ाकर करीब 795.61 किलोमीटर करने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही शहर के बाहरी क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने पर जोर दिया गया है.
30 मीटर चौड़ी 29 सड़कें
प्रस्ताव में सबसे ज्यादा 30 मीटर चौड़ी 29 सड़कें शामिल की गई हैं. इनकी कुल लंबाई करीब 165.66 किलोमीटर होगी. इन सड़कों के जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने की योजना है. कई सड़कें मौजूदा मार्गों को जोड़ने और नए विकसित हो रहे क्षेत्रों तक पहुंच आसान बनाने के लिए प्रस्तावित की गई हैं.
सड़क विस्तार का पूरा गणित. इस फोटो को एआई से बनाया गया है.
45 मीटर चौड़ी 14 सड़कें
इसके अलावा 45 मीटर चौड़ी 14 नई सड़कें प्रस्तावित हैं. इनकी कुल लंबाई करीब 59.84 किलोमीटर होगी. इन मार्गों का उद्देश्य प्रमुख इलाकों के बीच तेज और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है.
60 मीटर चौड़ी 5 सड़कें
प्लान में 60 मीटर चौड़ी 5 सड़कें भी प्रस्तावित हैं. इनकी कुल लंबाई करीब 115.42 किलोमीटर बताई गई है. ये सड़कें बड़े यातायात दबाव वाले क्षेत्रों और शहर के बाहरी हिस्सों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं.
दो दशक से ज्यादा पुरानी योजना में बदलाव
रिपोर्ट के मुताबिक भोपाल के सड़क नेटवर्क के विस्तार की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है. वर्ष 2005 में प्रस्तावित 26 सड़कों में से कई अब तक पूरी तरह विकसित नहीं हो सकीं. नए डेवलपमेंट प्लान-2047 में शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नए मार्गों का प्रस्ताव रखा गया है.
नई सड़कों के विकसित होने से भोपाल के बाहरी क्षेत्रों को मुख्य शहर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. साथ ही ट्रैफिक का दबाव कम करने और भविष्य के शहरी विस्तार के लिए सड़क नेटवर्क तैयार करने की योजना है.