Last Updated:
Raipur News: रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि चुनाव हारने की बौखलाहट में कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है. साय ने मांग की कि राहुल गांधी देश से माफी मांगें, क्योंकि वे एक आदतन अपराधी की तरह काम कर रहे हैं.
सीएम विष्णुदेव साय
रिपोर्ट: विशु शुक्ला
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला. SIR और वोट चोरी के मामले में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह से चुनाव आयोग पर लांछन लगा रहे हैं, वह उनकी बौखलाहट को दर्शाता है.
100 बार से अधिक चुनाव हार चुकी कांग्रेस आज देशद्रोही आचरण पर उतर आई है. कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुटी है और उसके सभी दावे पूरी तरह खोखले हैं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश को कमजोर करने की यह राहुल गांधी की साजिश है. इस प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और सांसद संतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे.
कांग्रेस पहले तथ्य को परखे
सीएम साय ने कहा, भारत के चुनाव आयोग की साख पूरी दुनिया में है. हाल ही में चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है. विपक्ष द्वारा सवाल उठाना केवल कांग्रेस की हताशा का परिणाम है. उन्होंने बताया कि फॉर्म 6 के घोषणा पत्र समेत न्यायालय से पहले ही पक्ष का पत्र आ चुका है. ऐसे में कांग्रेस को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों को परखना चाहिए.
पूरे देश से माफी मांगें
संवैधानिक व्यवस्था पर सवाल उठाने को लेकर सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस अपने हारे हुए चुनावों की खीज संवैधानिक ढांचे पर निकालती है. देश की जनता जानती है कि चुनाव पारदर्शी तरीके से होते हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए. सीएम साय ने कहा कि राहुल गांधी एक आदतन अपराधी की तरह काम कर रहे हैं.
EVM के मुद्दे पर सीएम ने याद दिलाया कि पहले कांग्रेस ईवीएम को ‘ब्लैक बॉक्स’ कहती थी, लेकिन उसी ईवीएम से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के 35 विधायक चुनकर आए हैं. साय ने सवाल पूछा कि अगर राहुल गांधी ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, तो क्या वे खुद अपने पद से इस्तीफा देंगे? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘जिस थाली में कांग्रेस खाती है, उसी में छेद करती है’. भाजपा पर वोट चोरी के आरोपों पर सीएम ने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा पर आरोप लगाएंगे, तो भाजपा इसका करारा जवाब देगी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सांसद संतोष पाण्डेय ने भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की आदत हर बात में सवाल उठाने की बन गई है. कांग्रेस राहुल गांधी को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे लॉन्च नहीं हो पा रहे हैं और कांग्रेस लगातार फेल होती जा रही है.