बिना ड्राइवर 89 KM का सफर, दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन बदलेगी इन इलाकों की किस्मत

बिना ड्राइवर 89 KM का सफर, दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन बदलेगी इन इलाकों की किस्मत


नई दिल्‍ली. दिल्ली-एनसीआर मे रहने वाले लोगों के लिए मेट्रो किसी वरदान से कम नहीं है. दिल्‍ली के मेट्रो नेटवर्क का लगातार विस्‍तार हो रहा है. दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन जल्‍द ही दिल्‍ली की सबसे लंबे रूट का खिताब अपने नाम कर लेगा. बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक फैला यह 89 किलोमीटर लंबा रूट नोएडा, पुरानी दिल्ली, सेंट्रल विस्टा और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के दर्जनों इलाकों की कनेक्टिविटी की पूरी तस्वीर ही बदल कर रख देगा. इस रूट के पूरी तरह चालू होने के बद बाद यात्रियों को दिल्ली के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचने के लिए बार-बार ट्रेनें बदलने की जरूरत नहीं होगी. वर्तमान में जनकपुरी पश्चिम से बॉटनिकल गार्डन के बीच 25 स्टेशनों पर यह लाइन पहले से चालू है.

मैजेंटा लाइन नोएडा से नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली का सीधा लिंक करा देगा. बॉटनिकल गार्डन से सवार होने वाले यात्री बिना ट्रेन बदले सीधे पीतमपुरा, आजादपुर और पुरानी दिल्ली तक पहुंच सकेंगे. इस रूट से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, झंडेवालान मंदिर, इंडिया गेट, अरुण जेटली स्टेडियम, कर्तव्य पथ और पूरे सेंट्रल विस्टा एरिया तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.

इंद्रलोक–इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर

केंद्रीय कैबिनेट ने हाल ही में मैजेंटा लाइन के विस्तार के तहत 12.4 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ भूमिगत रूट को मंजूरी दी है. सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायफ्राम वॉल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इस कॉरिडोर में दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, और झंडेवालान मंदिर सहित कुल 10 स्टेशन होंगे. इंद्रलोक स्टेशन पर रेड लाइन और ग्रीन लाइन के साथ इंटरचेंज की सीधी सुविधा मिलेगी.

केंद्रीय सचिवालय बनेगा दिल्ली का पहला ट्रिपल इंटरचेंज

मैजेंटा लाइन के विस्तार से सेंट्रल दिल्ली का दिल कहे जाने वाले केंद्रीय सचिवालय (Central Secretariat) स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा. वर्तमान में यह स्टेशन केवल येलो लाइन और वायलेट लाइन का जंक्शन है. आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ और सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर का विस्तार जुड़ते ही यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का पहला ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा, जहां से तीन अलग-अलग लाइनों के लिए ट्रेनें मिलेंगी.

1 रूट और नेटवर्क की 7 लाइनों से इंटरकनेक्शन

यह पूरा कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क का सबसे बड़ा लाइफलाइन बनने जा रहा है, क्योंकि यह अकेले 7 प्रमुख लाइनों को आपस में जोड़ेगा. यात्री इस रूट के जरिए रेड, ब्लू, ग्रीन, येलो, पिंक, वायलेट और एयरपोर्ट एक्सप्रेस में से किसी भी लाइन पर आसानी से स्विच कर सकेंगे.

मैजेंटा लाइन पर होंगे 65 स्‍टेशन

पूरा प्रोजेक्ट पूरा होने पर बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 स्टेशन पूरी तरह भूमिगत (Underground) होंगे. मैजेंटा लाइन केवल अपनी लंबाई के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय इंजीनियरिंग की दो बड़ी मिसालों के लिए भी जानी जाती है. इस लाइन पर हैदरपुर बादली मोड़, दिल्ली मेट्रो का सबसे ऊंचा एलिवेटेड स्टेशन है. यहां मेट्रो के पियर संख्या 340 की ऊंचाई 28.362 मीटर है. हौज खास स्‍टेशन जमीन में करीब 29 मीटर नीचे बना है और यह स्टेशन नेटवर्क का सबसे गहरा भूमिगत स्टेशन है.



Source link