टोल लेते हैं, लेकिन रास्ते पर भरा पानी? गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज की व्यवस्था पर उठे सवाल तो अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना

टोल लेते हैं, लेकिन रास्ते पर भरा पानी? गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज की व्यवस्था पर उठे सवाल तो अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना


Last Updated:

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के बीच उन्नाव के बशीरतगंज स्थित गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर जलभराव हो गया. इंटरचेंज मार्ग और सर्विस रोड पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ वाहन पानी में फंसकर बंद भी हो गए.

Zoom

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. वहीं इससे उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे का इंटरचेंज मार्ग भी इससे प्रभावित हुआ है. बशीरतगंज स्थित इंटरचेंज के आसपास सड़क पर पानी भरने से एक्सप्रेसवे से आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इससे जल निकासी की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

इंटरचेंज मार्ग पर भरा पानी, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी

पिछले दो दिनों से यूपी के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. इसका असर उन्नाव में बशीरतगंज स्थित गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पर भी दिखाई दिया. एक्सप्रेसवे से उतरने वाले मार्ग पर पानी जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. कई वाहन पानी से होकर गुजरते नजर आए, जिससे चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है.

सर्विस रोड पर भी जलभराव, निकासी व्यवस्था पर सवाल

गंगा एक्सप्रेसवे के टोल इंटरचेंज के साथ आसपास के औद्योगिक गलियारे और सर्विस रोड पर भी बारिश का पानी जमा हो गया. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से समस्या बढ़ गई है. सड़क पर पानी जमा रहने से वाहनों के खराब होने और हादसे का खतरा भी बना हुआ है.

पुराने ट्रैक्टर से पानी निकालने की कोशिश

बारिश के बाद इंटरचेंज और सर्विस रोड पर जमा पानी को निकालने का प्रयास किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि कार्यदायी संस्था की ओर से ट्रैक्टर की मदद से पानी निकालने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, सड़क पर ज्यादा पानी होने के कारण वाहन चालकों की परेशानी बनी हुई है. इतना ही नहीं कुछ वाहन तो पानी में फंसकर बंद भी हो गए.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना

वहीं गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पर जलभराव को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जलभराव की तस्वीर शेयर करते हुए सरकार पर तंज कसा और एक्सप्रेसवे के नाम को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा, ‘गंगा एक्सप्रेसवे पर बह रहीं भाजपाई भ्रष्टाचार की नदियां। नाम बदलने वालों के लिए सुनहरा अवसर, नया नाम रख दें: गंगा एक्सप्रेस वॉटर वे.’



Source link