जब बीच एक्सप्रेस-वे पर पलट गई बीजेपी नेता की गाड़ी, तो बंदूक से शीशा तोड़ कांस्टेबल दंपती ने बचाई 6 लोगों की जान

जब बीच एक्सप्रेस-वे पर पलट गई बीजेपी नेता की गाड़ी, तो बंदूक से शीशा तोड़ कांस्टेबल दंपती ने बचाई 6 लोगों की जान


Last Updated:

Kannauj Latest News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह की तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद कार में सवार पांच लोग अंदर फंस गए. इसी दौरान सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह ने मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकालने में मदद की. सिपाही दंपती के इस रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Zoom

देवदूत बने सिपाही दंपती.

कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर तेज बारिश के बीच सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह की फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा तालग्राम क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 171 किलोमीटर के पास हुआ. कार में जिला पंचायत अध्यक्ष समेत पांच लोग सवार थे और हादसे के बाद सभी गाड़ी के अंदर फंस गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह ने तुरंत रुककर बचाव शुरू कर दिया. दोनों की सक्रियता से पांचों लोगों को कार से बाहर निकाला गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है.

जानकारी के मुताबिक, ऊषा सिंह लखनऊ से नोएडा की ओर फॉर्च्यूनर से जा रही थीं. कार को सुल्तानपुर के धनपतगंज निवासी विकास यादव चला रहे थे. उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, लखीमपुर निवासी आयुष वर्मा, गनर हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और नोएडा निवासी गीतांजलि सिंह भी मौजूद थीं. दोपहर करीब दो बजे तेज बारिश के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर की फेंसिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई. हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों को चोटें आईं.

पलटी कार में फंसे थे सभी लोग
हादसे के बाद फॉर्च्यूनर बुरी तरह पलट गई और उसके अंदर सवार लोग फंस गए. कार के दरवाजे नहीं खुल रहे थे. इसी दौरान सौरिख से कन्नौज की ओर जा रहे सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह की नजर दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी. दोनों ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रोकी और मौके पर पहुंच गए.

कार में लोगों को फंसा देखकर दोनों ने बचाव शुरू किया. शीशा टूटने के बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. अर्चना सिंह ने भी बचाव कार्य में मदद की और हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी. कुछ ही देर में एंबुलेंस, थाना पुलिस और यूपीडा की टीम भी मौके पर पहुंच गई.

तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया
रेस्क्यू के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. ऊषा सिंह समेत तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. अन्य घायलों को भी इलाज दिया गया. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति रही.

सिपाही दंपती की हो रही तारीफ
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह की तत्परता की चर्चा हो रही है. हादसे के समय दोनों ने मौके की स्थिति को देखते हुए तुरंत मदद शुरू की और कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई. बताया गया है कि दोनों पुलिसकर्मियों की इस तत्परता की अधिकारियों ने भी सराहना की है और उन्हें सम्मानित किए जाने की बात सामने आई है.



Source link