Last Updated:
Amitabh Bachchan On Pakistani terrorist Ajmal Kasab: केबीसी 18 में उज्ज्वल निकम ने खुलासा किया कि आतंकी अजमल कसाब ने दावा किया था कि वह अमिताभ बच्चन को देखने मुंबई आया था. यह बात सुनकर अमिताभ बच्चन भड़क गए और बोले कि घर आता तो वहीं गोली मार देते. जानिए केबीसी 18 के इस स्पेशल एपिसोड की पूरी डिटेल्स.
आतंकवादी कसाब पर क्या बोल अमिताभ? (फोटो साभार- @sonytvofficial)
नई दिल्ली: ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के स्पेशल एपिसोड में अमिताभ बच्चन का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. शो में पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम पहुंचे थे. उनके साथ फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ के स्टार्स राजकुमार राव और वामिका गब्बी भी मौजूद थे. बातचीत के दौरान उज्ज्वल निकम ने 26/11 आतंकी हमले के ट्रायल से जुड़ा एक हैरान करने वाला वाकया सुनाया.
उन्होंने बताया कि आतंकी अजमल कसाब ने दावा किया था कि वह अमिताभ बच्चन को देखने मुंबई आया था. यह सुनते ही अमिताभ बच्चन भड़क गए और उन्होंने कहा कि अगर वह घर आता तो वहीं गोली मार देते.
कसाब की फांसी में देरी पर अमिताभ का सवाल
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने 26/11 केस को लेकर उज्ज्वल निकम से तीखे सवाल किए. अमिताभ ने पूछा कि कसाब को फांसी देने में करीब चार साल का वक्त क्यों लग गया. अमिताभ ने गुस्से में कहा कि उसे तो वहीं गाड़ देना चाहिए था, इसमें इतना टाइम क्यों लगा. इस पर उज्ज्वल निकम ने कोर्ट के नियमों और कानूनी प्रक्रिया के बारे में बात की. उन्होंने कसाब से पहली मुलाकात का किस्सा भी शेयर किया.
कसाब ने कहा था अमिताभ को देखने आया था
उज्ज्वल निकम ने बताया कि केस की सुनवाई के दौरान कसाब ने खुद को बचाने के लिए कई झूठे दावे किए थे. कसाब ने पहले कहा कि उसे 26/11 हमले में नहीं बल्कि 6 नवंबर को जुहू चौपाटी से पकड़ा गया था. इसके बाद निकम ने बताया कि कसाब ने यह भी कहा था कि वह मुंबई सिर्फ अमिताभ बच्चन को देखने आया था. निकम की यह बात सुनकर अमिताभ बच्चन ने तुरंत जवाब दिया कि अगर वह हमारे घर आता तो वापस नहीं जाता, हम वहीं उसे गोली मार देते.
नाबालिग बताने का भी किया नाटक
उज्ज्वल निकम ने आगे बताया कि कसाब ने सजा से बचने के लिए कई पैंतरे आजमाए थे. उसने कोर्ट में दावा किया था कि वह नाबालिग है और उसे रॉ ने गिरफ्तार किया है. उसकी उम्र को लेकर कानूनी अड़चन खड़ी हो गई थी. इसलिए केस आगे बढ़ाने से पहले उसकी असली उम्र साबित करना बहुत जरूरी हो गया था.
View this post on Instagram