Plane Crash News: कांगो में विमान क्रैश, 2 लेफ्टिनेंट जनरल समेत 14 की मौत, हादसा या फिर साजिश?

Plane Crash News: कांगो में विमान क्रैश, 2 लेफ्टिनेंट जनरल समेत 14 की मौत, हादसा या फिर साजिश?


Last Updated:

CongoNews: कांगो में किकविट से राजधानी किंशासा लौट रहा एक प्लेन क्रैश हो गया. यह हादसा डेमेक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि इसमें दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई थी.

Zoom

हवाई जहाज क्रैश हुआ. (सांकेतिक फोटो/AI)

कांगो में एक विमान क्रैश देखने को मिला है. इसमें 14 लोगों की मौत हो गई. अफ्रीका में दो देश कांगो नाम से हैं. एक देश रिपब्लिक ऑफ कांगो और दूसरा डेमेक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो हैं. यह हादसा डेमेक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में हुआ है, जिसकी राजधानी किंशासा (Kinshasa) है. किंशासा एकदम रिपब्लिक ऑफ कांगो की सीमा पर बसा है. इस हादसे में देश के दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मारे गए हैं. हादसा उस वक्त हुआ जब विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकविट से राजधानी किंशासा लौट रहा था. रास्ते में विमान में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई, जिसके बाद यह केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में सवार कोई भी व्यक्ति नहीं बचा. मरने वालों में लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल हैं. मुतोम्बो देश की मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख थे, जबकि बाकुमी सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल के पद पर थे.

विमान में मिलिट्री अधिकारी भी थे

कांगो की सेना ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की मौत की पुष्टि की है. सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे के मुताबिक, विमान में एक प्रतिनिधिमंडल सवार था, जिसमें दोनों जनरल भी शामिल थे. उन्होंने बताया कि दोनों सैन्य अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के क्रू के लोग भी हादसे में मारे गए. विमान किकविट से किंशासा की ओर लौट रहा था. इसी दौरान उसमें तकनीकी समस्या आने की जानकारी सामने आई. इसके बाद विमान केंगे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

हादसे का कारण नहीं पता

अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि विमान में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी, जिस कारण वह क्रैश हो गया. हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने भी कहा कि दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड चेयरमैन ट्रिफॉन किन-किये मुलुम्बा ने भी कहा कि फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है.

कांगो में पहले से जारी है संकट

यह विमान हादसा ऐसे समय हुआ है जब कांगो लंबे समय से सुरक्षा संकट से जूझ रहा है. खासकर देश के पूर्वी हिस्से में सेना कई सशस्त्र समूहों से लड़ रही है. इनमें M23 विद्रोही समूह सबसे प्रमुख है. इस समूह को रवांडा का समर्थन हासिल होने के आरोप लगते रहे हैं. पिछले साल से हुए कई हमलों के बाद M23 ने पूर्वी कांगो के कई अहम शहरों पर कब्जा कर लिया है. ऐसे माहौल में देश के दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की एक साथ मौत ने हादसे को और गंभीर बना दिया है. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक इस दुर्घटना को कांगो में चल रहे संघर्ष से जोड़ने वाली कोई जानकारी नहीं दी है.



Source link