Last Updated:
झारखंड में बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं. रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि कोल्हान में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. मौसम की मार के चलते रांची में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. हवाई सफर पर भी बुरा असर पड़ा है और कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
झारखंड में बिगड़ा मौसम(सांकेतिक फोटो)
रांचीः झारखंड में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. राज्य भर में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. मौसम विभाग ने शनिवार (26 सितंबर) को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बाढ़ की आशंका भी जताई गई है.
मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, लातेहार और सिमडेगा जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं राजधानी रांची में दोपहर तक दो से तीन बार मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात होने के भी आसार हैं.
रांची में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
- खराब मौसम को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. प्रशासन ने 26 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 12वीं तक की छुट्टी का आदेश दिया है. हालांकि, जिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, वहां के प्रबंधकों को अपने विवेक से फैसला लेने को कहा गया है. इस दौरान शिक्षक और कर्मचारी स्कूल पहुंचकर गैर-शैक्षणिक कार्य निपटाएंगे.
हवा के थपेड़ों से गिरे पेड़, टला बड़ा हादसा
- ओडिशा और उससे सटे दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर बने डीप डिप्रेशन के कारण झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो रही है. शुक्रवार को सरायकेला, भुरकुंडा, गांडेय, पोटका, चाईबासा, रामगढ़ और रांची में अच्छी बारिश दर्ज की गई.
- इस दौरान करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण रांची में 25 से ज्यादा पेड़ उखड़ कर गिर गए. दिनभर शहर में बिजली की आंख-मिचौनी चलती रही. डोरंडा में एजी मोड़ के पास शुक्रवार को एक स्कूल बस पर बड़ा पेड़ गिर गया. बस में करीब 50 बच्चे सवार थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया. हालांकि, हादसे में ड्राइवर और खलासी को हल्की चोटें आई हैं.
खराब मौसम का उड़ानों पर बुरा असर, 13 फ्लाइट्स रद्द
- मौसम की मार का सीधा असर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन पर पड़ा है. रांची से संचालित होने वाली 24 में से 13 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया. वहीं 4 विमानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट किया गया.
- पुणे से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट और दिल्ली से आने वाली फ्लाइट को वाराणसी भेजा गया. वहीं कोलकाता और मुंबई से आने वाले विमानों को कोलकाता डायवर्ट किया गया. शनिवार सुबह भी कोलकाता, बेंगलुरु और दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ानें रद्द रहेंगी.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान और राहत के संकेत
- मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, डीप डिप्रेशन अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है. शनिवार दोपहर से कुछ जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में स्थिति सामान्य होने लगेगी और हवा की गति भी कम होगी.
- मौसम विभाग के मुताबिक, 26 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 27 सितंबर से रांची में मौसम साफ हो जाएगा. हालांकि, अन्य जिलों में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 27 सितंबर से पूरे राज्य में मौसम साफ होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.