Last Updated:
Bhang Health benefits: भांग के बीज छोटे जरूर होते हैं, लेकिन इनमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इनमें प्रोटीन, फाइबर, अच्छे फैट और कुछ जरूरी खनिज पाए जाते हैं. यही वजह है कि इन्हें खाने में शामिल करने से भोजन की पोषण की मात्रा बढ़ सकती है. आइए जानते हैं भांग के आयुर्वेदिक फायदे.
ऋषिकेश: भांग का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में नशे का ख्याल आता है. लेकिन उत्तराखंड के पहाड़ों में भांग का इस्तेमाल सिर्फ नशे के लिए नहीं होता. यहां भांग के बीजों को लंबे समय से खाने में इस्तेमाल किया जाता है. पहाड़ी घरों में भांग के बीजों से चटनी और नमक बनाया जाता है. कई जगहों पर इन्हें सब्जी की ग्रेवी में भी डालकर खाया जाता है. खासकर सर्दियों में भांग के बीजों से बने व्यंजन लोगों को काफी पसंद आते हैं. इसकी वजह सिर्फ इसका अलग स्वाद नहीं, बल्कि इसमें मिलने वाले कई पोषक तत्व भी हैं.
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान डॉ. राजकुमार (आयुष) ने बताया कि भांग के बीज छोटे जरूर होते हैं, लेकिन इनमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इनमें प्रोटीन, फाइबर, अच्छे फैट और कुछ जरूरी खनिज पाए जाते हैं. यही वजह है कि इन्हें खाने में शामिल करने से भोजन की पोषण की मात्रा बढ़ सकती है. भांग के बीजों में ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड भी पाए जाते हैं. ये शरीर के लिए जरूरी फैट हैं और शरीर के सामान्य कामकाज में इनकी भूमिका होती है. शरीर खुद इन जरूरी फैटी एसिड को पर्याप्त मात्रा में नहीं बना पाता, इसलिए इन्हें खाने से लेना जरूरी होता है.
मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद
इन बीजों में प्रोटीन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है. प्रोटीन शरीर के लिए बहुत जरूरी है. यह मांसपेशियों को बनाए रखने और शरीर की टूट-फूट को ठीक करने में मदद करता है. इसलिए भांग के बीजों को दाल, सब्जी या दूसरे खाने के साथ थोड़ी मात्रा में शामिल करने से भोजन में प्रोटीन भी जुड़ जाता है. भांग के साबुत बीजों में फाइबर भी होता है. फाइबर पेट और पाचन के लिए जरूरी माना जाता है.
फॉस्फोरस और आयरन से भरपूर
इसके अलावा भांग के बीजों में मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, आयरन और जिंक जैसे कुछ खनिज भी पाए जाते हैं. इनमें विटामिन ई जैसे एंटीऑक्सीडेंट भी मिलते हैं. ये पोषक तत्व शरीर के अलग-अलग कामों के लिए जरूरी होते हैं. पहाड़ों में भांग के बीजों का इस्तेमाल सिर्फ चटनी और नमक बनाने तक सीमित नहीं है. कई घरों में इन्हें सब्जियों में भी डाला जाता है. इसके लिए भांग के बीजों को हल्का भूनकर पीस लिया जाता है. इसके बाद इन्हें मसाले के साथ सब्जी की ग्रेवी में मिला दिया जाता है. भांग के बीज डालने से सब्जी का स्वाद थोड़ा अलग और हल्का दरदरा जैसा हो जाता है. साथ ही खाने में प्रोटीन, फाइबर और अच्छे फैट भी जुड़ जाते हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.