Last Updated:
बैतूल के जेएच कॉलेज में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची BSc फर्स्ट ईयर की छात्रा प्रतीक्षा वर्मा अचानक चक्कर खाकर बेसुध हो गई. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक प्रतीक्षा को बचपन में दिल में छेद की शिकायत थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से वह पूरी तरह स्वस्थ थी. मौके पर तेज DJ बज रहा था, इसलिए छात्रा की मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं
गणेश विसर्जन के दौरान एक लड़की मौत हो गई.
बैतूल. बैतूल में डीजे ने एक नाबालिग कॉलेज छात्रा की जान ले ली. घटना जेएच महाविद्यालय की है, जहां बीएससी फर्स्ट ईयर में पढ़ रही प्रतीक्षा वर्मा नाम की छात्रा कॉलेज कैंपस में ही विराजित गणेश प्रतिमा के दर्शन कर रही थी . इसी दौरान नजदीक बज रहे तेज डीजे के साउंड की वजह से प्रतीक्षा अचानक बेसुध होकर गिर गई . जब उसे जिला अस्पताल लाया गया तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया . प्रतीक्षा के परिजनों ने बताया कि प्रतीक्षा को जन्म से ही दिल मे छेद की शिकायत थी लेकिन पिछले 5-6 साल से वह पूरी तरह स्वस्थ्य थी . अचानक हुई इस घटना से प्रतीक्षा का परिवार और दोस्त गहरे सदमे में हैं .
हालांकि, पुलिस और डॉक्टर ने अभी डीजे से मौत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं कि है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. प्रतीक्षा बैतूल के शाहपुर ब्लॉक के सोहागपुर ढाना की रहने वाली थीं. पढ़ाई में बेहद होनहार थीं. प्रतीक्षा गणित विषय से बीएससी कर रही थी. अब पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी. प्रतीक्षा की मौत के बाद से लोग डीजे के प्रतिबंध की बात कर रहे हैं. प्रशासन से इसे कंट्रोल करने की मांग कर रही हैं.
प्रतीक्षा की मां रेखा वर्मा ने बेटी की मौत पर कहा, “बचपन में दिल में उसके छेद था. शुरू में इलाज पांढुरना में भी चला. बैतूल में भी चला था. फिर भोपाल में दिखाई थी. पहले बचपन में बीमार रहती थी, फिर एकदम तो ठीक रहती थी. 4-5 साल पहले ही ईलाज बंद हो गया था. इसके बाद न उसे बुखार आया कभी और न ही कभी कोई परेशानी हुई. न कभी कोई चक्कर आए.”
प्रतीक्षा की सहेली ने बताई पूरी घटना
प्रतीक्षा की सहेली वेदिका ने कहा, “हम लोग जेएच कॉलेज के विसर्जन में गए थे, तो वहां पर डीजे बज रहा था. हम लोग साइड में खड़े थे. उसको एकदम से चक्कर आने लगते हैं, तो हमने उसको बेंच पर बैठाया. भैया लोग से बोला पानी ला के दो, तो उन्होंने पानी ला के दिया, उसको पानी पिलाया, फिर वह बेहोश हो गई. वहां पर बहुत तेज़ डीजे बज रहा था. आज हमारे आस-पास बहुत विसर्जन हुए थे. वह सुबह से लेकर शाम तक डांस कर रही थी. लेकिन उसको तो कुछ भी नहीं हुआ.”
प्रतिक्षा की मौत पर पुलिस का बयान
बैतूल की एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम ने कहा, “9:30 बजे के आसपास सूचना प्राप्त हुई कि बच्ची (प्रतीक्षा) जेएच कॉलेज में गणेश जी की प्रतिमा के दर्शन करने गई थी. दर्शन के दौरान बच्ची को चक्कर आए. चक्कर जैसे ही आए तो उसकी कज़िन के द्वारा उसको साइड में बैठाया गया और हॉस्पिटल में लेकर आए. हॉस्पिटल में डॉक्टर के द्वारा उसे मृत घोषित किया गया है. अभी मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है. यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा.”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पतेगा चलेगी वजह
अन्नपूर्णा सिरसाम ने कहा, अभी डीजे के साउंड से इस प्रकार के कोई फैक्ट सामने नहीं आए हैं, क्योंकि बच्ची के द्वारा डांस भी नहीं किया गया है. ईवन वह दर्शन करने गई थी, उसके बाद ही उसको चक्कर आए. डीजे की वजह से मौत की पुष्टि नहीं हुई है. आगे पोस्टमार्टम होगा और उसके बाद जो भी रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी.