CG Flood: जगदलपुर में इंद्रावती नदी का कोहराम, 300 से अधिक लोगों को बचाया, कल हेलीकॉप्टर से होगा रेस्क्यू!

CG Flood: जगदलपुर में इंद्रावती नदी का कोहराम, 300 से अधिक लोगों को बचाया, कल हेलीकॉप्टर से होगा रेस्क्यू!


Last Updated:

बस्तर के जगदलपुर शहर में इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रवीर और विजय वार्ड जलमग्न हो गए हैं. साल 2010 के बाद आई इस भीषण बाढ़ में 300 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है. प्रशासन का अमला और स्थानीय युवा रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं.

Zoom

बस्तर के जगदलपुर में बाढ़ का कहर.

रिपोर्ट: श्रीनिवास नायडू

Jagadalpur News: बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में बाढ़ ने भारी कोहराम मचाया है. शहर के प्रवीर वार्ड और विजय वार्ड पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं. इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जलभराव के कारण दोनों वार्डों की सड़कें पूरी तरह तालाब में बदल गई हैं. जगदलपुर शहर में साल 2010 के बाद ऐसी बाढ़ आई है, जिससे हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं.

बाढ़ के पानी से दोनों वार्डों के घर पूरी तरह डूब चुके हैं. लोग अपनी जान बचाने के लिए छतों पर फंसे हुए हैं. शाम ढलते ही जलमग्न इलाकों में सांप और बिच्छू का बड़ा खतरा पैदा हो गया है. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जलस्तर में अभी और बढ़ोतरी होने की संभावना है.

अब भी लोग फंसे
प्रशासन की ओर से बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास लगातार जारी है. अब तक 300 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है. वार्ड के जागरूक युवा भी मदद के लिए आगे आए हैं. वे ट्रैक्टर की सहायता से वार्ड के लोगों को बाहर निकाल रहे हैं. हालांकि, अभी भी 100 से अधिक लोग वार्ड में फंसे हुए हैं. इनमें से अंदरूनी हिस्सों में लगभग 50 लोगों के फंसे होने की सूचना है.

रातभर चलेगा रेस्क्यू
प्रशासन की पहली प्राथमिकता कच्चे घरों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है. इसके बाद पहली और दूसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है. दूसरी मंजिल पर मौजूद लोग फिलहाल सुरक्षित हैं. राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर दो बोट भेजी गई हैं. बोट में टॉर्च और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं रखी गई हैं. मौके पर राजस्व विभाग का पूरा अमला और प्रशासनिक स्टाफ मौजूद है. रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

न्यूज18 से बातचीत में एसडीएम मनीष वर्मा ने बताया कि बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा सकती है. इसके लिए बस्तर कलेक्टर द्वारा पत्र जारी किया गया है. यदि एसडीआरएफ की टीम अंदर फंसे लोगों तक नहीं पहुंच पाती है, तो कल सुबह हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू किया जाएगा.



Source link