जंगल के बीच छिपा है हैदराबाद का ब्लैकबेरी आइलैंड, 50 रुपये से शुरू एंट्री
Last Updated:
Blackberry Island Telangana: हैदराबाद से करीब 220 किलोमीटर दूर तेलंगाना के मुलुगु जिले में स्थित ब्लैकबेरी आइलैंड इन दिनों वीकेंड ट्रिप के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. घने जंगल, काली चट्टानों और मिनी बीच जैसे नजारे के साथ यहां वुडन हट्स, कॉटेज, बोनफायर और कई मनोरंजक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.
हैदराबाद. वीकेंड पर अगर आप शहर के ट्रैफिक और कंक्रीट के शोर से दूर किसी शांत जगह जाना चाहते हैं तो तेलंगाना का ब्लैकबेरी आइलैंड बेहतरीन विकल्प बन चुका है. हैदराबाद से करीब 220 किलोमीटर दूर, मुलुगु जिले के ताड़वाई वन क्षेत्र में स्थित यह इको-टूरिज्म स्पॉट पर्यटकों को खूब लुभा रहा है. घने जंगलों के बीच बने इस ठिकाने को हैदराबाद के लोग जंगल का मिनी बीच भी कह रहे हैं. आइलैंड नाम सुनकर लगता है कि यह कोई समुद्री टापू होगा, लेकिन असल में यह पशु-विहार के बीच बसा एक खूबसूरत जंगल रिट्रीट है. यहां प्राकृतिक रूप से गहरे काले रंग की चट्टानें फैली हुई हैं, इन्हीं काली चट्टानों और प्राकृतिक बनावट के चलते इसे ब्लैकबेरी आइलैंड नाम दिया गया है.
यहां दिखने वाली सफेद और भूरी रेत की भी अपनी एक अलग कहानी है. यह कोई कुदरती समुद्र तट नहीं है, रिसॉर्ट परिसर में पर्यटकों और युवाओं के खेलने के लिए एक सैंड वॉलीबॉल कोर्ट बनाया गया है जिसमें बाहर से रेत बिछाई गई है. साथ ही, पास से गुजरने वाले मौसमी नाले के किनारों पर जमा नदी की महीन रेत मिलकर घने जंगल के बीच एक छोटे बीच जैसा नजारा पेश करती है. रिज़ॉर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, ब्लैकबेरी आइलैंड में केवल डे-विजिट के लिए एंट्री टिकट प्रति व्यक्ति लगभग 50 से 100 रुपए के बीच रहता है.
वहीं, अगर आप यहां रात बिताना चाहते हैं तो सुरक्षित बाउंड्री के अंदर वुडन हट्स और आधुनिक कॉटेज बने हैं इनका सुविधाओं के अनुसार किराया करीब 2,500 से 4,000 रुपए प्रति रात होता है. यहां बच्चों के झूले, बैडमिंटन कोर्ट, व्यूइंग प्लेटफॉर्म, कैंटीन और शाम को बोनफायर की सुविधा भी मिलती है. हैदराबाद से वारंगल और पासरा होते हुए सड़क मार्ग से 4 से 5 घंटे की ड्राइव में यहां पहुंचा जा सकता है. रास्ते में विश्व प्रसिद्ध रामप्पा मंदिर और लकनावरम झील के भी दर्शन किए जा सकते हैं. मानसून और सर्दियों में यहाँ की हरियाली और मौसम बेहद सुहावना रहता है.