Last Updated:
Bhagalpur Crime News: बिहार के भागलपुर में अजीब मामला सामने आया है. आर्म्स एक्ट का आरोपी संतोष यादव पुलिस हिरासत से चांदन नदी में कूदकर फरार हो गया. अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है. इस मामले में परिजनों ने पुलिस पर धक्का देने का आरोप लगाया है.
नदी में आरोपी की तलाश करती पुलिस की टीम.
भागलपुर: जिले के जगदीशपुर में पुलिस की गिरफ्त से आर्म्स एक्ट का आरोपी फरार होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक संतोष यादव को देसी मास्कट और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था. उसे थाने ले जाने के लिए पुलिसकर्मी चचरी पुल के रास्ते पुलिस वाहन की ओर ले जा रहे थे. इसी दौरान आरोपी अचानक उफनती चांदन नदी में कूद गया. घटना सैदपुर घाट के पास की बताई जा रही है. आरोपी के नदी में छलांग लगाने का वीडियो भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि संतोष के नदी में कूदने के बाद पुलिसकर्मी किसी तरह बाहर निकल आए. लेकिन तेज बहाव के कारण संतोष का कहीं पता नहीं चल सकता है. काफी तलाश के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
देसी मास्कट और कारतूस के साथ हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार संतोष यादव को आर्म्स एक्ट के मामले में हथियार और कारतूस के साथ पकड़ा गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे पुलिस वाहन तक ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी को चकमा दिया और नदी में छलांग लगा दी.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. अगर किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप
आरोपी के परिजन भी उसकी तलाश में जुटे हैं. आरोपी के चाचा सुबोध कुमार यादव ने आरोप लगाया गया है कि संतोष खुद नदी में नहीं कूदा, बल्कि पुलिसकर्मी ने उसे नदी में धक्का दिया. हमलोग खोजबीन कर रहे हैं. दो बजे रात तक हमलोग चानन नदी के किराने खोज रहे हैं. अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में था, तो वह पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नदी तक कैसे पहुंचा और फिर तेज बहाव वाली नदी में छलांग लगाने में कैसे सफल हो गया? अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि आरोपी ने खुद नदी में छलांग लगाई या उसे किसी ने धक्का दिया.