Aaj Ka Mausam 26 Sep : घर से निकलने से पहले देख लें मौसम का हाल, यूपी के 54 इलाकों में अलर्ट, 32+ जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

Aaj Ka Mausam 26 Sep : घर से निकलने से पहले देख लें मौसम का हाल, यूपी के 54 इलाकों में अलर्ट, 32+ जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा


लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मानसून के एक बार फिर एक्टिव होने की तस्वीर साफ नजर आ रही है. कल कई गौतम बुद्ध नगर, एटा, आगरा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में बारिश हुई. इससे आज सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी हुई है. सर्दी का अहसास कराती हवाएं चल रही है. इधर, बदलते मौसम और भारी बारिश, आंधी-वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए सरकार ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है. साथ ही यूपी के कई जिलों में आज स्कूल बंद कर दिए गए हैं. वहीं, मौसम विभाग की माने तो 5 जिलों में रेड अलर्ट, 17 जगह के लिए ऑरेंज और 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 32 से अधिक जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट है. आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

यहां के लिए रेड अलर्ट

बहराइच, बलरामपुर, श्राबस्ती, सिद्धार्थनगर और गोंडा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आज इसके अलावा 35 से अधिक जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. भारी बरसात को देखते हुए राजधानी के साथ रेड अलर्ट वाले जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं.

यहां भी बारिश की संभावना

चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज, खेरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर अमेठी, महाराजगंज समेत 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां के लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जान लेने की भी सलाह है. प्रयागराज में कई जगह वैसे भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए थे. वहीं, बरेली, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, हरदोई, पीलीभीत, कानपुर, औरेया, इटावा, झांसी, उन्नाव, लखनऊ, मिर्जापुर, गाजीपुर, आजमगढ़ के अलावा कई और शहरों के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी है. यहां भी बारिश-तूफान आ सकता है.

सबसे ठंडा रहा 25 सितंबर

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आज राज्य में बारिश का दायरा और बढ़ेगा. बारिश के चलते अधिकतर हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट आई है, जो सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है. लखनऊ में इतिहास में दूसरी बार 25 सितंबर सबसे ठंडा दिन रहा है. यहां दिन का पारा 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. इसके पहले 25 सितंबर 2007 को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था.

यूपी के 32 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के बीच 26 सितंबर को 32 जिलों में फ्लैश फ्लड यानी आकस्मिक बाढ़ की संभावना जताई गई है. आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज समेत कई जिले अलर्ट पर हैं. लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर भी फ्लैश फ्लड अलर्ट में शामिल हैं.

CM योगी ने दिए फील्ड में उतरने के निर्देश

अतिवृष्टि को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है. लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. साथ ही नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.



Source link