Last Updated:
प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी की नगरपालिका राजनीति में चल रहा शह-मात का खेल आखिरकार शनिवार को अंजाम तक पहुंच ही गया. हर एक वोट के लिए मचे घमासान के बीच कांग्रेस ने भाजपा को महज 1 वोट के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया. 20 पार्षदों वाले बोर्ड में जीत-हार का यह फैसला सिर्फ 19 मतों की गिनती से हुआ, जिसने पूरे सूबे का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
बीजेपी-कांग्रेस
सीकर. राजस्थान के सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस ने महज 1 वोट के अंतर से जीत दर्ज की है. कांग्रेस की विनीता पूनिया को 10 वोट मिले, जबकि भाजपा की प्रेम देवी को 9 वोट मिले. हाईकोर्ट के दखल के बाद चुनाव का परिणाम जारी किया गया. रिटर्निंग अधिकारी कपिल उपाध्याय ने परिणाम घोषित किया. इसके साथ ही खाटूश्यामजी के दूसरे नगर पालिका बोर्ड में अध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में चला गया.
नगर पालिका के 20 वार्डों में से 19 पार्षदों ने मतदान किया. वार्ड नंबर 10 की पार्षद लक्ष्मी देवी का वोट नहीं डला. नतीजा सामने आते ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल है. एक वोट के अंतर से मिली जीत ने खाटूश्यामजी के नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव को खासा चर्चा में ला दिया है.
लापता हुई थी पार्षद लक्ष्मी देवी
इस पूरे सियासी ड्रामे की शुरुआत 21 सितंबर को मतदान के दिन हुई. 20 सदस्यीय नगरपालिका में कांग्रेस के 8, भाजपा के 8, निर्दलीय 3 और आरएलपी का 1 पार्षद था. यानी मुकाबला पहले से ही कांटे का था.
इसी बीच वार्ड नंबर 10 की पार्षद लक्ष्मी देवी अचानक मतदान केंद्र से गायब हो गईं. उनके वोट न डालने पर हड़कंप मच गया. उनके पति ने सीधे पुलिस में जाकर अपहरण की आशंका जता दी. पुलिस ने बाद में लक्ष्मी देवी को बरामद करने का दावा किया. लेकिन इस घटना ने पूरी चुनाव प्रक्रिया पर राजनीतिक आरोपों की बौछार कर दी.
हाईकोर्ट का दखल
लापता पार्षद और चुनाव प्रक्रिया में धांधली के आरोपों को लेकर मामला राजस्थान हाईकोर्ट तक जा पहुंचा. 21 सितंबर को वोटिंग के बाद 25 सितंबर को काउंटिंग होनी थी, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश और उसकी प्रमाणित कॉपी न पहुंचने के कारण परिणाम टलता रहा.
आखिरकार तमाम कानूनी और राजनीतिक पेचीदगियों को पार करते हुए शनिवार को पेटी खोली गई. 19 वोटों की गिनती में जैसे ही कांग्रेस के पक्ष में 10 और भाजपा के पक्ष में 9 वोट निकले, कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल छा गया.