मंडी के चेली गांव में आधी रात खूनी वारदात, पिता की हरकत से गुस्साए बेटे ने बैहले से उतारा मौत के घाट

मंडी के चेली गांव में आधी रात खूनी वारदात, पिता की हरकत से गुस्साए बेटे ने बैहले से उतारा मौत के घाट


मंडी: शराब के नशे में धुत्त पिता जब आधी रात को गाली-गलौज करने लगा तो गुस्साए बेटे ने बैहले से वार कर पिता की हत्या कर दी. यह वारदात मंडी जिले के पधर उपमंडल के चेली गांव में हुई. घटना बीती देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय मस्त राम शराब के नशे में अपनी पत्नी से आधी रात को गाली-गलौज कर रहा था. साथ वाले कमरे में सो रहे बेटे दीपक ने वहां पहुंचकर पिता को शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो गुस्साए बेटे ने पिता के सिर पर बैहले से वार कर दिया.

घायल पिता को खुद अस्पताल लेकर पहुंचा बेटा

वारदात के बाद दीपक खुद अपने पिता को 108 एंबुलेंस की मदद से पधर अस्पताल ले गया. यहां डॉक्टरों ने मस्त राम को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पधर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची.

पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि मस्त राम के सिर पर लगी चोट गिरने से नहीं, बल्कि किसी हथियार के प्रहार से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने बेटे से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान दीपक ने कथित तौर पर वार करने की बात कबूल कर ली.

एसपी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी मंडी विनोद कुमार, डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया गया है.

पंचायत प्रतिनिधियों के सामने दर्ज किए गए बयान

पुलिस ने पंचायत प्रधान सुनीता देवी और उपप्रधान प्रेम सिंह के समक्ष आरोपी के बयान भी कलमबद्ध किए हैं. मृतक मस्त राम पुत्र बुधु राम कंप्रेशर ऑपरेटर का काम करता था. वहीं, आरोपी दीपक मिस्त्री का काम करता है. एसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी दीपक को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.



Source link