Last Updated:
Darbhanga News: दरभंगा DMCH में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. करीब रात 1 बजे इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी. धुआं और आग देखते ही वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
दरभंगा DMCH के महिला-शिशु वार्ड में आग लग गई.
दरभंगाः बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. मातृ शिशु अस्पताल यानी MCH वार्ड में करीब रात 1 बजे इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी. आग और धुआं फैलते ही वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लेकर सुरक्षित जगह की ओर भागती नजर आईं. आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन एक्टिव हो गया. वार्ड में मौजूद मरीजों को तत्काल वहां से हटाया गया.
एहतियात के तौर पर सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया. इस दौरान अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बताया गया कि आग MCH वार्ड के इलेक्ट्रिक पैनल में लगी थी. शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग पर समय रहते काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी मरीज, नवजात या उनके परिजन के घायल होने की सूचना नहीं है.
शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग
आग लगने के बाद MCH वार्ड की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई. फिलहाल वार्ड की बिजली सेवा ठप है. अस्पताल प्रशासन की ओर से बिजली व्यवस्था को ठीक करने का काम किया जा रहा है. साथ ही पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है कि इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की वजह क्या रही और वार्ड में बिजली व्यवस्था की स्थिति कैसी थी. घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने भी अपनी परेशानी बताई. उनका कहना है कि अचानक आग लगने और धुआं फैलने के बाद सभी लोग घबरा गए थे. खासकर छोटे बच्चों और नवजातों को लेकर परिजन काफी परेशान रहे.
फिलहाल हालात सामान्य
DMCH के उपाधीक्षक अमित झा समेत अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और अस्पताल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. अस्पताल प्रशासन बिजली व्यवस्था बहाल करने के साथ घटना की जांच में जुटा है.