Last Updated:
Snake and Frog Viral Video: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र स्थित छतरी खेड़ा गांव में प्रकृति का एक बेहद हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला. यहां एक घर के पानी के टैंक में सांप और मेंढक एक साथ मिले. सबसे बड़ी हैरानी की बात यह थी कि मेंढक अपने जानी दुश्मन सांप के ऊपर आराम से बैठा हुआ था. इस अजीबोगरीब दृश्य को देखकर घरवाले और ग्रामीण पूरी तरह सन्न रह गए. वन्यजीव रक्षक कुलदीप सिंह राणावत ने मौके पर पहुंचकर दोनों जीवों का बेहद सावधानी से सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें जंगल में छोड़ दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें शिकार और शिकारी की यह अनोखी जुगलबंदी साफ देखी जा सकती है.
Bhilwara: प्रकृति के नियम हमेशा हैरान करने वाले होते हैं. आमतौर पर सांप और मेंढक का रिश्ता शिकारी और शिकार का होता है. लेकिन क्या आपने कभी ऐसा नजारा देखा है जहां शिकार अपने शिकारी की पीठ पर आराम से बैठा हो. राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में कुछ ऐसा ही अद्भुत और हैरान करने वाला वाकया सामने आया है. यहां के मांडल क्षेत्र स्थित छतरी खेड़ा गांव में एक घर के पानी के टैंक में सांप और मेंढक एक साथ नजर आए. सबसे बड़ी हैरानी की बात यह थी कि मेंढक सांप के ऊपर बैठा हुआ था. इस नजारे ने देखने वालों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया.
घटना छतरी खेड़ा गांव की है, जहां एक परिवार के घर में बने पानी के टैंक में लोगों ने इस अजीबोगरीब दृश्य को देखा. जैसे ही घर के सदस्यों की नजर टैंक के अंदर मौजूद सांप पर पड़ी, पूरे परिवार में घबराहट और दहशत का माहौल बन गया. लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा, तो सांप के ऊपर एक मेंढक बैठा हुआ था. यह देखकर हर कोई हैरान रह गया क्योंकि सांप और मेंढक एक-दूसरे के जानी दुश्मन माने जाते हैं. सांप अक्सर मेंढक को अपना निवाला बनाता है, लेकिन यहां स्थिति बिल्कुल विपरीत थी. बिना कोई जोखिम उठाए, परिवार के सदस्यों ने तुरंत वन्यजीव रेस्क्यू टीम को इस घटना की सूचना दी.
रेस्क्यू टीम का सुरक्षित अभियान
सूचना मिलते ही वन्यजीव रक्षक कुलदीप सिंह राणावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और देखा कि टैंक के अंदर सांप और मेंढक एक साथ मौजूद हैं. रेस्क्यू टीम के लिए भी यह नजारा काफी असामान्य था. राणावत ने बिना किसी जल्दबाजी के और बेहद सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. सबसे पहले उन्होंने सांप को सुरक्षित तरीके से टैंक से बाहर निकाला. इसके बाद मेंढक को भी बिना कोई नुकसान पहुंचाए बाहर निकाल लिया गया. इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर कोई इस दुर्लभ नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने को आतुर था.
कैमरे में कैद हुआ वायरल वीडियो
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी के टैंक के भीतर सांप तैर रहा है और मेंढक उसकी पीठ पर सवार है. रेस्क्यू के बाद वन्यजीव रक्षक कुलदीप सिंह राणावत ने दोनों जीवों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया. भीलवाड़ा जिले की इस घटना ने लोगों के बीच वन्यजीवों के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है. अक्सर ग्रामीण इलाकों में सांप और अन्य जंगली जीव भोजन या पानी की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों में आ जाते हैं. पानी के टैंक में गिरना भी इसी का एक हिस्सा हो सकता है.
वन्यजीवों के संरक्षण की अपील
विशेषज्ञ मानते हैं कि शायद दोनों जीव पानी में गिरने के बाद अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, और इसी दौरान यह अद्भुत स्थिति बन गई जहां मेंढक ने बचने के लिए सांप का ही सहारा ले लिया. यह प्रकृति का एक दुर्लभ चमत्कार ही है कि भूखा होने के बावजूद सांप ने मेंढक को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. इस घटना के बाद वन्यजीव विशेषज्ञ ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे जीवों को देखकर घबराएं नहीं. घर या खेत में सांप निकलने पर उसे मारने की कोशिश करना जानलेवा हो सकता है. ऐसी स्थिति में हमेशा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को बुलाना चाहिए. हर जीव पर्यावरण के पारिस्थितिकी तंत्र का एक अहम हिस्सा है, इसलिए उनका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है.