UP Politics : अखिलेश की रथयात्रा से मायावती तक… अजय राय ने खोले कांग्रेस के मिशन-2027 के पत्ते

UP Politics : अखिलेश की रथयात्रा से मायावती तक… अजय राय ने खोले कांग्रेस के मिशन-2027 के पत्ते


Last Updated:

UP Politics News in Hindi : उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा, कांग्रेस के आगामी चुनावी अभियान और गठबंधन को लेकर कई बड़े बयान दिए. उन्होंने बताया कि कांग्रेस का 2027 का मिशन क्या है. 

Zoom

कांग्रेस नेता अजय राय.

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इंटरव्यू में कई बड़ी बातें कहीं. उन्होंने गठबंधन, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव की रथयात्रा और बसपा सुप्रीमो मायावती को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है.

कांग्रेस का मिशन बताते हुए अजय राय ने कहा कि पार्टी हर जिले और हर विधानसभा क्षेत्र में अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है. गठबंधन कितनी सीटों पर होगा और किस पार्टी के साथ होगा, इसका फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा. कांग्रेस का कारवां लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी हर सीट पर मजबूती के साथ तैयारी कर रही है.

प्रियंका गांधी को लेकर क्या बोले?

प्रियंका गांधी को लेकर अजय राय ने कहा कि वह सिर्फ उत्तर प्रदेश की नहीं, बल्कि पूरे देश की नेता हैं और लगातार सक्रिय हैं. अगर उनकी माने तो यूपी में गठबंधन और सीटों के बंटवारे से जुड़े फैसलों में प्रियंका गांधी की अहम भूमिका होगी. इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी का घर है और पार्टी उन्हें यूपी में आगे रखेगी. वह यूपी में कांग्रेस का चेहरा होंगी.

अखिलेश की PDA रथयात्रा पर बोले अजय राय

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 24 सितंबर को रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत की है. इस पर अजय राय ने कहा कि अखिलेश यादव रथ को कहीं भी लेकर जा सकते थे. रथ वाराणसी और गोरखपुर भी जा सकता था. चुनाव का समय है और कोई भी व्यक्ति कहीं भी जा सकता है. अखिलेश यादव रायबरेली और अमेठी भी जा सकते हैं. कांग्रेस के नेता भी कन्नौज, इटावा और सैफई जा सकते हैं. इसमें कोई असामान्य बात नहीं है. हालांकि, देश आज राहुल गांधी की तरफ देख रहा है. राहुल गांधी आम आदमी से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी लगातार सवाल कर रहे हैं.

मायावती पर अजय राय का निशाना

बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि दलित कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक रहा है. बसपा ने पहले दलितों को जोड़ने के लिए काफी मेहनत की, लेकिन अब दलित समाज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है. साथ ही आरोप लगाया कि दलित उत्पीड़न के मामलों में बसपा पीड़ितों के साथ खड़ी नहीं होती. उन्होंने मायावती पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप भी लगाया.

अजय राय ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वाल्मीकि, जाटव और सोनकर समाज समेत दलित समाज के लोगों ने कांग्रेस का समर्थन किया. दलित समाज राहुल गांधी में अपना भविष्य और नेतृत्व देख रहा है. 2027 के विधानसभा चुनाव में दलित समाज कांग्रेस के साथ जुड़ेगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी.



Source link