Mandla: 2 लाख की रिश्वत लेते CMO रंगे हाथों गिरफ्तार, बकाया बिल पास करने के एवज में मांगी थी कमीशन

Mandla: 2 लाख की रिश्वत लेते CMO रंगे हाथों गिरफ्तार, बकाया बिल पास करने के एवज में मांगी थी कमीशन


Last Updated:

मंडला नगर पालिका कार्यालय में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) गजानन नाफड़े को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है. सीएमओ ने ठेकेदार के 15 लाख रुपये के बकाया बिल का भुगतान करने के बदले पुराने बिलों पर कमीशन की मांग की थी. जानें पूरा मामला…

Zoom

सीएमओ से पूछताछ करती लोकायुक्त की टीम.

Mandla News: मध्य प्रदेश के मंडला में लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने मंडला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) गजानन नाफड़े को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है. यह पूरी कार्रवाई नगर पालिका कार्यालय मंडला में अंजाम दी गई.

बकाया भुगतान रोकने की धमकी देकर मांगा कमीशन
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ज्ञानचंद और उनकी पत्नी मंजू बेन जबलपुर के निवासी हैं. मंजू बेन की फर्म नगर पालिका मंडला में पंजीकृत ठेकेदार है. वर्ष 2024-25 में उनकी फर्म को नगर पालिका में एलईडी लाइट और 150 टन फिटकरी की सप्लाई का ठेका मिला था. इस सप्लाई का करीब 39 लाख 23 हजार रुपये का भुगतान हो चुका था. इसमें 19 लाख 23 हजार रुपये एलईडी लाइट सप्लाई और 20 लाख रुपये फिटकरी सप्लाई के शामिल थे. इसके बाद ठेकेदार ज्ञानचंद ने नगर पालिका में वाटर कूलर और पाइप फिटिंग का काम कराया था. इस काम का लगभग 15 लाख रुपये का भुगतान नगर पालिका में बकाया था.

4 लाख की मांग, 2 लाख में तय हुई पहली किश्त
आरोप है कि जब ठेकेदार बकाया 15 लाख रुपये का भुगतान कराने के लिए सीएमओ गजानन नाफड़े के पास पहुंचे, तो उन्होंने रिश्वत की मांग रख दी. सीएमओ ने पुराने 39 लाख 23 हजार रुपये के भुगतान का 12 प्रतिशत कमीशन यानी करीब 4 लाख रुपये मांगे. उन्होंने कहा कि यह कमीशन देने के बाद ही अगला 15 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा. ठेकेदार द्वारा हाथ-पांव जोड़ने पर 2 लाख रुपये की पहली किश्त देने पर सहमति बनी.

लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों दबोचा
परेशान ठेकेदार ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से की. लोकायुक्त पुलिस ने टेप रिकॉर्डिंग के जरिए शिकायत का सत्यापन किया. इसके बाद लोकायुक्त की टीम मंडला पहुंची. जैसे ही ठेकेदार ने नगर पालिका कार्यालय में सीएमओ गजानन नाफड़े को 2 लाख रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया. कार्रवाई के बाद टीम सीएमओ को सर्किट हाउस लेकर पहुंची. वहां पंचनामा तैयार करने सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई.



Source link