Last Updated:
Gold Sale: सोने के भाव बढ़ने की वजह से इस बार गणेश चतुर्थी पर सोने के गहनों की बिक्री में गिरावट आई है. लोग अब भारी-भरकम जेवर खरीदने से कतरा रहे हैं.
घरेलू बाजार में सोने के भाव ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर हैं और बिक्री कम हुई है.
नई दिल्ली. त्योहारों की दस्तक के साथ ही सर्राफा बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और चमक-दमक इस बार गणेश चतुर्थी के मौके पर कुछ शांत नजर आई. पिछले साल के मुकाबले सोने की कीमतों में 60 फीसदी का जबरदस्त उछाल क्या आया, आम खरीदारों के पसीने छूट गए. 1 ग्राम सोने का भाव ₹15,000 के पार चले जाने से गणेश चतुर्थी पर सोने की कुल बिक्री में करीब 15 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लोगों ने खरीदारी बंद कर दी है. बस उनकी पसंद बदल गई है.
घरेलू बाजार में सोने के भाव ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर हैं और बिक्री कम हुई है, लेकिन बाजार की धारणा अब भी सकारात्मक है. लोग अपनी परंपरा और शौक को जिंदा रखने के लिए लॉकर में पड़े पुराने गहने बाहर निकाल रहे हैं. दुकानों पर भारी संख्या में ग्राहक पुराने जेवर देकर उनके बदले नए, आधुनिक और हल्के डिजाइन की ज्वेलरी खरीद रहे है. यही नहीं भारी गहनों की जगह अब ग्राहक छोटे-छोटे सोने के सिक्के और बिस्कुट खरीदने को तरजीह दे रहे हैं. गणेश चतुर्थी पर सोने के सिक्कों और बिस्कुट की मांग में उल्लेखनीय उछाल देखा गया.
हल्के जेवर और हीरों का बढ़ा क्रेज
त्योहारों से लेकर शादियों तक, अब सिर्फ तिजोरी में बंद रहने वाले भारी गहनों का जमाना पीछे छूट रहा है. ग्राहक अब ऐसी हल्की और स्टाइलिश ज्वेलरी तलाश रहे हैं, जिसे सिर्फ शादी-ब्याह ही नहीं बल्कि रोजमर्रा में भी आसानी से पहना जा सके. इसी ट्रेंड के चलते अब हल्के सोने के साथ-साथ डायमंड के आभूषणों में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. सर्राफा कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले शादी के सीजन में यह नई खरीदारी आदत बाजार की सुस्ती को दूर कर देगी.
हॉलमार्किंग फीस का नया झटका
सोने की रिकॉर्ड कीमतों के बीच खरीदारों पर एक और छोटा बोझ पड़ा है. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने सोने के आभूषणों पर लगने वाली अनिवार्य हॉलमार्किंग फीस ₹45 से बढ़ाकर ₹75 प्रति आभूषण कर दी है. यह नई दर 14 सितंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी है. ऐसे में समझदार ग्राहक अब महंगे जेवरों में मेकिंग चार्ज और फीस गंवाने के बजाय वजन और बजट के लिहाज से किफायती सिक्कों व लाइटवेट डिजाइनों को अपनी तिजोरी का हिस्सा बना रहे हैं.