हिमाचल में 26 सितंहर की रात से बदलेगा मौसम, भारी से भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, 27 सितंबर को कहर ढाएगा मॉनसून

हिमाचल में 26 सितंहर की रात से बदलेगा मौसम, भारी से भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, 27 सितंबर को कहर ढाएगा मॉनसून


शिमला. हिमाचल प्रदेश में बीते 11 दिन से तेज धूप खिल रही है. हालांकि, मनाली और शिमला में सुबह शाम हल्की ठंड महसूस की जा सकती है. ऐसे में अब शुक्रवार रात से मौसम बदलने वाला है और भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है. इस दौरान तेज रफ्तार से तूफान भी चलेगा. शुक्रवार को दिन भर धूप खिली रही, लेकिन अब शाम करीब आते ही हल्के बादल छाने लगे हैं.

शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि हिमाचल प्रदेश में 26 से 29 सितंबर के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 26 सितंबर की शाम या फिर रात से 29 सितंबर की सुबह तक भारी बारिश की संभावना है. मौसम गतिविधि का सबसे अधिक असर 27 सितंबर को रहने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी और बिलासपुर जिलों के कुछ हिस्सों में 26 सितंबर की शाम के बाद से 29 सितंबर की सुबह तक कई स्थानों पर बारिश होगी. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.

विभाग का कहना है कि 27 सितंबर को सिरमौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. ऊना, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के स्पीति क्षेत्र में 27 और 28 सितंबर को मध्यम बारिश हो सकती है.

27 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 27 सितंबर को सिरमौर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, इसी दिन बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है., किन्नौर में भी अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है. 26 सितंबर को सिरमौर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है. 28 सितंबर को शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

26 से 28 सितंबर के दौरान शिमला, सोलन और सिरमौर में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 27 सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भी कुछ स्थानों पर ऐसी स्थिति बन सकती है. गौर रहे कि हिमाचल में अब तक मॉनसून की विदाई नहीं हुई है और ऐसे में माना जा रहा है कि विदाई से पहले मॉनसून कहर बरपा सकता है.



Source link