स्टार्टअप ने न‍िकाली नौकरी, रेज्‍यूमे देखकर चौंके कंपनी के लोग, फ‍िर कहा-हाथ से ल‍िखकर ले आओ

स्टार्टअप ने न‍िकाली नौकरी, रेज्‍यूमे देखकर चौंके कंपनी के लोग, फ‍िर कहा-हाथ से ल‍िखकर ले आओ


जिस कंपनी का पूरा कारोबार ही लोगों को स्मार्टफोन और डिजिटल दुनिया से थोड़ा दूर ले जाने पर टिका है, वहां नौकरी पाने के लिए भी अब डिजिटल रास्ता काम नहीं आएगा. अमेरिका की स्टार्टअप कंपनी Dumb.co ने इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वालों से कहा है कि वे अपना कवर लेटर हाथ से लिखकर भेजें. वजह भी दिलचस्प है. कंपनी के पास इतनी बड़ी संख्या में AI से लिखे हुए रेज्‍यूमे आने लगे कि असली उम्मीदवार को पहचानना मुश्किल हो गया.

Dumb.co ऐसे फ्लिप फोन बेचती है जिन्हें खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो स्मार्टफोन की लगातार नोटिफिकेशन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन दुनिया से दूरी बनाना चाहते हैं. कंपनी का मकसद ही dumb living यानी कम डिजिटल और ज्यादा ऑफलाइन जिंदगी को बढ़ावा देना है. लेकिन जब कंपनी ने इंटर्नशिप की नौकरियां निकालीं तो उसे खुद AI के जमाने की एक बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा.

नौकरी के आवेदन आने लगे, लेकिन दिक्कत कवर लेटर में थी

बिजनेस इनसाइड की र‍िपोर्ट के मुताबिक- Dumb.co ने मार्केटिंग, बिजनेस और ऑपरेशंस, कस्टमर सक्सेस और टेक से जुड़े चार इंटर्नशिप रोल के लिए आवेदन मांगे थे. आवेदन हैंडशेक नाम के जॉब प्लेटफॉर्म के जरिए मंगाए गए. कुछ ही समय में करीब 900 लोगों ने इन चार पदों के लिए रेज्‍यूमे भेजा. संख्या देखकर कंपनी खुश तो हुई, लेकिन जब कवर लेटर पढ़ने शुरू किए तो एक अलग ही समस्या सामने आ गई.

कंपनी की कस्टमर सक्सेस मैनेजर मार्ली पेल्‍टोन फ्यूनटेस के मुताबिक, कई कवर लेटर ऐसे लग रहे थे जैसे उन्हें AI ने लिखा हो. भाषा साफ-सुथरी थी, लेकिन उसमें वह व्यक्तिगत जुड़ाव नहीं दिख रहा था जिसकी कंपनी तलाश कर रही थी.

AI वाले कवर लेटर में क्या दिक्कत थी?

कंपनी को समस्या यह नहीं थी कि आवेदन में अंग्रेजी खराब थी या उसमें कोई बड़ी गलती थी. उल्टा दिक्कत यह थी कि कई आवेदन बहुत ज्यादा एक जैसे और बनावटी लग रहे थे. Pelton-Fuentes ने बताया कि ये कवर लेटर कंपनी के मिशन और उसके बड़े मकसद से जुड़ नहीं पा रहे थे. यानी उम्मीदवार बता तो रहे थे कि वे कंपनी में काम करना चाहते हैं, लेकिन पढ़ने पर ऐसा नहीं लग रहा था कि उन्हें सच में dumb living के आइडिया में दिलचस्पी है. AI से कुछ ही सेकंड में तैयार होने वाले ऐसे कवर लेटर में कंपनी को उम्मीदवार की अपनी आवाज सुनाई नहीं दे रही थी.

फिर कंपनी ने कहा- अब हाथ से लिखकर भेजो

यहीं से कंपनी ने एक ऐसा नियम निकाला, जो आज के AI दौर में थोड़ा उल्टा लगता है. जॉब लिस्टिंग लाइव होने के कुछ दिन बाद Dumb.co ने आवेदन की शर्त बदल दी. अब उम्मीदवारों को कवर लेटर हाथ से लिखकर भेजना था. मतलब न ChatGPT से लिखवाना, न कॉपी-पेस्ट करना और न ही कुछ सेकंड में तैयार किया हुआ परफेक्ट डिजिटल लेटर. उम्मीदवार को कागज उठाना था, पेन पकड़ना था और अपने हाथ से बताना था कि वह इस कंपनी के साथ क्यों काम करना चाहता है.

करीब 900 उम्मीदवारों ने किया आवेदन

कंपनी के चार इंटर्नशिप रोल के लिए करीब 900 आवेदन आए. इनमें से लगभग 70% उम्मीदवारों ने हाथ से लिखे कवर लेटर अपलोड किए. कंपनी ने उम्मीदवारों से कुछ सीधे सवालों का जवाब देने को कहा था. मसलन, उन्हें बताना था कि उन्हें dumb living में दिलचस्पी क्यों है, वे Dumb.co के साथ काम क्यों करना चाहते हैं और क्या उनके पास खुद कोई ‘dumb’ फोन है.

यानी कंपनी सिर्फ यह नहीं देखना चाहती थी कि उम्मीदवार कितना अच्छा लिख सकता है. वह यह भी देखना चाहती थी कि जिस आइडिया को कंपनी बेच रही है, क्या उम्मीदवार खुद उससे जुड़ाव महसूस करता है.



Source link